राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान–2026 में झाबुआ ने रचा नया कीर्तिमान

  • Share on :

102.8 प्रतिशत कवरेज के साथ मध्यप्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया
रिपोर्टर :- सलीम हुसैन 
झाबुआ। भारत सरकार एवं मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार 28 से 30 जून तक संचालित राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान (एनआईडी-2026) में झाबुआ जिले ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। जिले ने निर्धारित 2,13,504 बच्चों के लक्ष्य के विरुद्ध 2,19,550 बच्चों को पोलियो रोधी दवा की खुराक पिलाकर 102.8 प्रतिशत उपलब्धि अर्जित की, जिसके साथ ही झाबुआ जिला प्रदेश में प्रथम स्थान पर रहा। यह उपलब्धि जिले के लिए अत्यंत गौरवपूर्ण एवं प्रेरणादायी है।

अभियान के प्रथम दिवस जिलेभर में स्थापित पोलियो बूथों पर 1,05,431 बच्चों को पोलियो रोधी दवा की दो बूंद पिलाई गई। इसके पश्चात द्वितीय एवं तृतीय दिवस स्वास्थ्य विभाग की घर-घर भ्रमण टीमों द्वारा शेष बच्चों का चिन्हांकन कर उन्हें पोलियो की खुराक पिलाई गई। स्वास्थ्य विभाग की प्रभावी रणनीति, सतत प्रयासों एवं टीमवर्क के परिणामस्वरूप जिला निर्धारित लक्ष्य से अधिक उपलब्धि अर्जित करने में सफल रहा।

अभियान के दौरान झाबुआ जिले की स्वास्थ्य टीमों ने समर्पण, धैर्य, सतत जनजागरूकता एवं प्रभावी संवाद के माध्यम से प्रत्येक पात्र बच्चे तक पहुंच सुनिश्चित की तथा अभियान को सफलतापूर्वक संपन्न किया। परिणामस्वरूप झाबुआ जिला 102.8 प्रतिशत उपलब्धि के साथ मध्यप्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त करने में सफल रहा।

यह सफलता कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट के कुशल निर्देशन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एम एल चोपड़ा के प्रभावी मार्गदर्शन में प्राप्त हुई। अभियान को सफल बनाने में जिला टीकाकरण अधिकारी, समस्त ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर, चिकित्सा अधिकारी, सेक्टर सुपरवाइजर, एएनएम, आशा एवं आशा सुपरवाइजर, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं, महिला एवं बाल विकास विभाग, नर्सिंग छात्र-छात्राओं तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों एवं स्वास्थ्य विभाग के समस्त अमले का सराहनीय योगदान रहा।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, झाबुआ एवं जिला टीकाकरण अधिकारी, झाबुआ ने अभियान में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग प्रदान करने वाले सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं सहयोगी विभागों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी के अथक परिश्रम, समर्पण, टीम भावना एवं जनस्वास्थ्य के प्रति प्रतिबद्धता के कारण ही झाबुआ जिला प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त करने में सफल रहा है।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी जनस्वास्थ्य से जुड़े प्रत्येक अभियान में इसी प्रकार के समन्वित प्रयासों एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते हुए झाबुआ जिला नई उपलब्धियां एवं सफलताएं अर्जित करता रहेगा।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper