मोहर्रम पर झाबुआ पुलिस रही पूरी तरह मुस्तैद, त्यौहार शांतिपूर्ण सम्पन्न
रिपोर्टर :- सलीम हुसैन
झाबुआ। मोहर्रम त्यौहार के अवसर पर जिले में शांति, सौहार्द एवं सुदृढ़ कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक झाबुआ देवेंद्र पाटीदार ने पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च निकालकर प्रमुख मार्गों एवं संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने संबंधित राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने, लगातार निगरानी बनाए रखने तथा पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने त्यौहार के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की रोकथाम एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक द्वारा थांदला, पेटलावद एवं राणापुर में मोहर्रम जुलूस मार्ग तथा आयोजन स्थलों का भी निरीक्षण किया गया। इस दौरान यह सुनिश्चित किया गया कि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े तथा सभी व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित हों।
झाबुआ पुलिस की प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था, सतत निगरानी एवं समुचित पुलिस बंदोबस्त के परिणामस्वरूप जिले में मोहर्रम त्यौहार शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न हुआ। पूरे जिले में कहीं भी किसी प्रकार की अप्रिय घटना अथवा दुर्घटना की सूचना प्राप्त नहीं हुई।
झाबुआ पुलिस आमजन से अपील करती है कि जिले में शांति, सौहार्द एवं भाईचारे का वातावरण बनाए रखने में इसी प्रकार प्रशासन का सहयोग करते रहें।

