रात भर चला झाबुआ पुलिस का कांबिंग गस्त अभियान

  • Share on :

150 से अधिक पुलिसकर्मियों की संयुक्त कार्रवाई,18 स्थायी वारंटी गिरफ्तार (6 इनामी वारंटी सहित), 8 गिरफ्तारी वारंट तामील।
अवैध शराब और हथियारों पर भी कार्रवाई, 10 आबकारी व 1 आर्म्स एक्ट का प्रकरण दर्ज।
रिपोर्टर :- सलीम हुसैन 
झाबुआ। जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा अपराधियों में कानून का भय कायम रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पाटीदार के निर्देशन में झाबुआ पुलिस द्वारा जिलेभर में विशेष कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पुलिस ने फरार अपराधियों, स्थायी वारंटियों, निगरानी बदमाशों एवं अन्य वांछित आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश देकर व्यापक कार्रवाई की।

इस अभियान में 3 राजपत्रित अधिकारियों सहित 150 से अधिक पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे। कार्रवाई के दौरान 18 स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें 6 इनामी स्थायी वारंटी भी शामिल हैं। इन पर कुल 18 हजार रुपये का इनाम घोषित था। इसके अलावा 8 गिरफ्तारी वारंटों की भी तामील की गई।

कॉम्बिंग गश्त के दौरान जिलेभर में 89 गुंडा चेक, 65 निगरानी बदमाश चेक, 2 संपत्ति संबंधी अपराधियों तथा 3 जिला बदर अपराधियों का सत्यापन किया गया। साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन जांच कर आदतन अपराधियों की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी गई।

अवैध शराब के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए आबकारी अधिनियम के तहत 10 प्रकरण दर्ज किए गए, जबकि आर्म्स एक्ट के तहत 1प्रकरण पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई।

झाबुआ पुलिस ने बताया कि जिले में शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस प्रकार के विशेष कॉम्बिंग गश्त अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे, ताकि आमजन में सुरक्षा एवं विश्वास की भावना मजबूत हो और अपराधियों में कानून का भय बना रहे।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper