झाबुआ पुलिस की त्वरित कार्यवाही, अंधे कत्ल का महज़ कुछ ही घंटों में पर्दाफाश; आरोपी पति गिरफ्तार
रिपोर्टर :- सलीम हुसैन
झाबुआ। थाना झाबुआ के अंतर्गत ग्राम नवापाड़ा में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। मृतिका अंतरबाई (उम्र 40 वर्ष), जिनका विवाह करीब 15 वर्ष पूर्व हुआ था, का शव उनके घर के आंगन में खाट पर मिला। मृतिका के शरीर, सिर, मुंह, पैर और गले पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए, जिससे स्पष्ट था कि उनकी बेरहमी से हत्या की गई है। प्रारंभिक जांच और घटनाक्रम के अनुसार, मृतिका का पति उस पर हमेशा चरित्र शंका करता था, जिसके कारण उनके बीच अक्सर लड़ाई-झगड़ा और मारपीट होती रहती थी। घटना की पूर्व रात्रि को भी दोनों के बीच भारी विवाद हुआ था। इसी शंका के चलते आरोपी पति ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना प्राप्त होते ही प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पाटीदार से तत्काल मार्गदर्शन प्राप्त कर एसडीओपी झाबुआ कमलेश शर्मा, थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक आर.सी. भास्करे एवं पुलिस टीम तत्काल बल सहित मौके पर पहुँचे। पुलिस टीम द्वारा बारीकी से घटनास्थल का निरीक्षण किया गया और साक्ष्य एकत्रित किए गए।
थाना कोतवाली में आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 547/2026 भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 103(1) (हत्या) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया गया।
पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए फरार आरोपी की तलाश में अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी। पुलिस की सटीक रणनीति के परिणामस्वरूप, महज़ चंद घंटों में ही आरोपी पति राजू रावत को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया।

