पुलिस थाना कोतवाली झाबुआ की बड़ी सफलता अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाई, हत्या का हुआ खुलासा

  • Share on :

16 हजार की उधारी वापस मांगने की बात को लेकर दोस्त की हत्या
रिपोर्टर :- सलीम हुसैन
झाबुआ। दिनांक 12 सितंबर को फरियादी वांगरिया पिता गुला अमलियार, निवासी लालू डुंगरा द्वारा अपने पुत्र कलम पिता वांगरिया अमलियार, उम्र 18 वर्ष के दिनांक 10 सितंबर को अपनी पत्नी को छोड़ने झाबुआ जाने के बाद वापस घर नहीं लौटने की रिपोर्ट थाना कोतवाली झाबुआ में दर्ज कराई गई थी। रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में अप.क्र. 868/2026, धारा 140(3) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक झाबुआ देवेन्द्र पाटीदार द्वारा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रतिपालसिंह महोबिया एवं एसडीओपी झाबुआ कमलेश शर्मा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक आर.सी. भास्करे को आवश्यक निर्देश दिए गए। थाना कोतवाली पुलिस द्वारा अलग-अलग टीमें गठित कर गुमशुदा की तलाश प्रारंभ की गई तथा सीसीटीवी फुटेज की बारीकी से जांच की गई।

जांच के दौरान सूचना प्राप्त हुई कि हाथीपावा पहाड़ी के नीचे एक शव पड़ा है। पुलिस टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर शव की शिनाख्त की गई, जो गुमशुदा कलम अमलियार का होना पाया गया। शव का पोस्टमार्टम कराया गया तथा घटना की बारीकी से जांच प्रारंभ की गई।

विवेचना के दौरान सामने आया कि मृतक कलम द्वारा एक बाल अपचारी को मोबाइल फोन खरीदने के लिए ₹16 हजार उधार दिए गए थे। मृतक द्वारा बार-बार उधारी की राशि वापस मांगने से नाराज होकर बाल अपचारी ने अपने अन्य साथियों एवं आरोपी पंकज पिता तोलिया राठौर, निवासी कालापान के साथ मिलकर मृतक की हत्या की योजना बनाई।

योजना के तहत मृतक कलम को हाथीपावा पहाड़ी पर बुलाया गया, जहां उसके साथ पत्थरों से मारपीट कर उसकी हत्या कर दी गई तथा शव को पहाड़ी के नीचे खाई में फेंक दिया गया।

पुलिस द्वारा मामले में शामिल चार बाल अपचारियों एवं आरोपी पंकज को पकड़ा गया। आरोपियों एवं बाल अपचारियों की निशादेही पर घटना में प्रयुक्त पत्थर, मोटरसाइकिल एवं मृतक का मोबाइल फोन बरामद किया गया है। प्रकरण में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper