“ऑपरेशन मर्यादा” सरेराह लड़कियों से बदसलूकी कर रील बनाना पड़ा भारी
पेटलावद पुलिस की दूसरी बड़ी कार्रवाई, तीन आरोपी गिरफ्तार
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने की कार्रवाई, महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर सतत निगरानी
रिपोर्टर :- सलीम हुसैन
झाबुआ। पुलिस अधीक्षक झाबुआ देवेन्द्र पाटीदार के निर्देशन में संचालित “ऑपरेशन मर्यादा” के तहत झाबुआ पुलिस द्वारा सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग, स्टंटबाजी, तेज एवं लापरवाह वाहन चलाने तथा महिलाओं एवं बालिकाओं से बदसलूकी करने वालों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है।
दिनांक 21 सितंबर को तेजा दशमी पर्व के दौरान बामनिया-खवासा रोड, बामनिया में मोटरसाइकिल सवार युवकों द्वारा जुलूस देखने जा रही लड़कियों के साथ बदसलूकी कर उनका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने का मामला सामने आया।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर हुई कार्रवाई
वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए पुलिस अधीक्षक झाबुआ देवेन्द्र पाटीदार द्वारा थाना प्रभारी पेटलावद निर्भयसिंह भूरिया को वीडियो में दिखाई दे रहे युवकों एवं वाहन की पहचान कर वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
निर्देशों के पालन में थाना प्रभारी पेटलावद द्वारा ऑपरेशन मर्यादा के तहत चौकी प्रभारी बामनिया सउनि लाखनसिंह भाटी एवं पुलिस टीम को आरोपियों की पतारसी हेतु लगाया गया।
पुलिस टीम द्वारा वायरल वीडियो के आधार पर मोटरसाइकिल क्रमांक MP45MT3398 की पहचान की गई। जांच में उक्त वाहन देवु गामड़ पिता लालचन्द गामड़ निवासी मोईचारणी, तहसील पेटलावद के नाम पर होना पाया गया।
पतारसी एवं पूछताछ के आधार पर मनीष पिता देवु गामड़ उम्र 18 वर्ष, महेश पिता मन्ना गामड़ औऱ कालु पिता बाबु गामड़, तीनो निवासी मोईचारणी को पकड़ा गया। पूछताछ में तीनो द्वारा चलती मोटरसाइकिल से राह चलती लड़कियों के साथ बदसलूकी कर वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करना स्वीकार किया गया।
पुलिस द्वारा तीनो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें जेल दाखिल किया गया।
ऑपरेशन मर्यादा के तहत पेटलावद पुलिस की दूसरी बड़ी कार्रवाई
पेटलावद पुलिस द्वारा “ऑपरेशन मर्यादा” के तहत हुड़दंग, स्टंटबाजी एवं महिलाओं/बालिकाओं के साथ बदसलूकी करने वालों के विरुद्ध यह दूसरी बड़ी कार्रवाई की गई है।
अभियान के तहत सोशल मीडिया पर सामने आने वाले वीडियो एवं रील्स, सार्वजनिक स्थानों पर होने वाली गतिविधियों तथा संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है। वायरल वीडियो के आधार पर संबंधित व्यक्तियों एवं वाहनों की पहचान कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
झाबुआ पुलिस द्वारा स्पष्ट किया गया है कि मेले, हाट-बाजार एवं त्यौहारों के दौरान हुड़दंग, तेज रफ्तार वाहन चलाने, स्टंटबाजी अथवा महिलाओं एवं बालिकाओं से बदसलूकी करने वालों के विरुद्ध सख्त एवं त्वरित कार्रवाई जारी रहेगी।
झाबुआ पुलिस का उद्देश्य सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षित एवं अनुशासित वातावरण बनाए रखना तथा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
पुलिस द्वारा आमजन से अपील की गई है कि ऐसी किसी भी घटना अथवा संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें तथा “ऑपरेशन मर्यादा” को सफल बनाने में पुलिस का सहयोग करें।
उक्त सराहनीय कार्रवाई पर बामनिया एवं पेटलावद क्षेत्र की जनता द्वारा पुलिस की प्रशंसा की गई। पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र पाटीदार द्वारा पुलिस टीम को सराहनीय कार्य के लिए नकद पुरस्कार देने की घोषणा की गई है।
झाबुआ पुलिस — मर्यादा में रहें, सुरक्षित रहें।

