वन माफिया पर करैरा वन विभाग का शिकंजा, डामरौन में अवैध लकड़ी से भरा ट्रक जब्त

  • Share on :

मुखबिर की सूचना पर वन अमले की दबिश, दिनारा-पिछोर मार्ग पर कार्रवाई; रेंजर लक्ष्मण मीणा की अगुवाई में वन संपदा की तस्करी पर कसा शिकंजा
करैरा। वन संपदा के अवैध दोहन और लकड़ी के गैरकानूनी परिवहन के खिलाफ करैरा वन विभाग ने एक महत्वपूर्ण कार्रवाई को अंजाम दिया है। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर वन विभाग की टीम ने दिनारा-पिछोर मार्ग पर डामरौन के समीप दबिश देकर अवैध लकड़ी से भरे एक ट्रक को पकड़कर जब्त किया है।
जानकारी के अनुसार, वन विभाग को सूचना मिली थी कि एक ट्रक में लकड़ी का अवैध रूप से परिवहन किया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए करैरा रेंजर लक्ष्मण मीणा के निर्देशन में वन अमले ने तत्काल कार्रवाई की और डामरौन के पास संदिग्ध ट्रक को रोककर उसकी जांच की। जांच के दौरान ट्रक में लकड़ी भरी मिली, जिसके बाद वन विभाग ने वाहन को अपने कब्जे में ले लिया।
वन विभाग की इस कार्रवाई से लकड़ी के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप की स्थिति निर्मित हो गई है। वन अमला अब यह पता लगाने में जुटा है कि जब्त लकड़ी कहां से लाई गई थी और इसे कहां ले जाया जा रहा था। साथ ही लकड़ी की मात्रा, प्रजाति और परिवहन से संबंधित दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है।
वन संपदा की लगातार हो रही तस्करी और अवैध कटाई को लेकर वन विभाग की सक्रियता को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। विभाग द्वारा मामले में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि वन संपदा के अवैध परिवहन और तस्करी पर निगरानी लगातार जारी रहेगी तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
शिवपुरी जिला ब्यूरो चीफ हेमंत भार्गव

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper