करैरा पुलिस के हत्थे चढ़ा शातिर आरोपी: 315 बोर के देशी कट्टे के साथ दबोचा गया, आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज
करैरा। अवैध हथियारों के साथ आपराधिक गतिविधियों की नीयत से घूमने वालों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत करैरा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को 315 बोर के देशी कट्टे एवं एक जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भुटिया के निर्देशन में अवैध हथियार रखने एवं आपराधिक नीयत से घूमने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आर.डी. प्रजापति के निर्देशन तथा एसडीओपी आनंद राय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी करैरा निरीक्षक विनोद सिंह छावई के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा मुखबिर तंत्र सक्रिय कर लगातार संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी।
19 सितंबर 2026 को करैरा पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि करही में हार की रोड की ओर एक व्यक्ति अवैध कट्टा लेकर आपराधिक नीयत से घूम रहा है। सूचना की तस्दीक के लिए पुलिस टीम तत्काल बताए गए स्थान पर पहुंची। वहां मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए का एक व्यक्ति दिखाई दिया, जो पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम दीपक जाटव पुत्र कैलाश जाटव, उम्र 30 वर्ष, निवासी थाने के पीछे, करैरा, जिला शिवपुरी बताया। पुलिस द्वारा उसकी तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 315 बोर का देशी कट्टा एवं एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।
पुलिस ने आरोपी से हथियार रखने का वैध लाइसेंस प्रस्तुत करने को कहा, लेकिन वह कोई वैध लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने कट्टा एवं कारतूस को विधिवत जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मामले में अपराध क्रमांक 653/26, धारा 25/27 आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है।
आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी दीपक जाटव के विरुद्ध पूर्व में भी करैरा थाने में अपराध क्रमांक 335/19, धारा 13 पब्लिक गैंबलिंग एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज रहा है। वर्तमान कार्रवाई के बाद उसके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी करैरा निरीक्षक विनोद सिंह छावई, प्रधान आरक्षक 689 बीरेन्द्र सिंह एवं प्रधान आरक्षक रामेश्वर सिंह पाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
शिवपुरी जिला ब्यूरो चीफ हेमंत भार्गव

