अवैध रेत माफियाओं पर करैरा पुलिस का शिकंजा, ओवरलोड रेत से भरे दो ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त
हेमंत भार्गव शिवपुरी जिला ब्यूरो चीफ
करैरा। पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भुटिया के निर्देश पर जिले में अवैध खनन एवं परिवहन के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत करैरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रेत से भरे दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को जब्त किया है। पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अपनाई जा रही जीरो टॉलरेंस नीति का हिस्सा माना जा रहा है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव उईके के निर्देशन एवं एसडीओपी प्रशांत शर्मा के मार्गदर्शन में थाना करैरा पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि झंडा एवं गदाई के बीच आम रोड पर दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियां अवैध बजरी (रेत) से भरी खड़ी हैं। सूचना पर थाना करैरा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची, जहां दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियां बॉडी से ऊपर तक ओवरलोड रेत से भरी मिलीं। पुलिस द्वारा चालकों की तलाश की गई, लेकिन वे मौके से फरार मिले।
पुलिस ने मौके से एक लाल रंग का स्वराज 855 ट्रैक्टर एवं एक नीले रंग का न्यू हॉलैंड 3630 ट्रैक्टर मय ट्रॉली जब्त किया। दोनों ट्रॉलियों में क्षमता से अधिक रेत भरी हुई थी। आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत न किए जाने तथा अवैध परिवहन की पुष्टि होने पर पुलिस ने दोनों वाहनों को विधिवत जब्त कर लिया।
पुलिस ने वाहन स्वामियों के विरुद्ध खनिज अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई करते हुए प्रकरण खनिज विभाग शिवपुरी को अग्रिम कार्रवाई हेतु भेज दिया है। मामले में फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
जब्त वाहन
स्वराज 855 ट्रैक्टर मय ट्रॉली
न्यू हॉलैंड 3630 ट्रैक्टर मय ट्रॉली

