करेरा को मिला आध्यात्मिक सौभाग्य : बागेश्वर पीठाधीश्वर पं. धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री ने भोला महाराज के आग्रह पर श्रीमद्भागवत कथा के लिए दी स्वीकृति

  • Share on :

करेरा। करेरा की पावन धरा एक बार फिर आध्यात्मिक चेतना और भक्ति रस में सराबोर होने जा रही है। विश्व विख्यात कथावाचक एवं बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित श्री धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री जी ने ब्राह्मण समाज अध्यक्ष एवं कथा यजमान पंडित श्री राजेश दुबे "भोला महाराज" के विशेष आग्रह को स्वीकार करते हुए 24 अक्टूबर से 30 अक्टूबर 2026 तक करेरा में श्रीमद्भागवत कथा करने की स्वीकृति प्रदान की है।
उल्लेखनीय है कि लगभग एक वर्ष पूर्व शिवपुरी प्रवास के दौरान बागेश्वर पीठाधीश्वर पंडित श्री धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री जी ने मंच से घोषणा करते हुए करेरा में पुनः आगमन एवं कथा करने का आश्वासन दिया था। यद्यपि उस समय तिथियां निर्धारित नहीं की गई थीं, किन्तु हाल ही में जारी उनके अधिकृत कथा कार्यक्रम में करेरा का नाम सम्मिलित होने से क्षेत्रवासियों में हर्ष एवं उत्साह का वातावरण व्याप्त हो गया है।
कथा यजमान पंडित श्री राजेश दुबे "भोला महाराज" ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह करेरा क्षेत्र के लिए अत्यंत गौरव और सौभाग्य का विषय है कि देश-विदेश में अपनी ओजस्वी वाणी और सनातन संस्कृति के प्रचार-प्रसार के लिए विख्यात पंडित श्री धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री जी ने उनके आग्रह को स्वीकार कर क्षेत्रवासियों को अपने सान्निध्य एवं आशीर्वाद का अवसर प्रदान किया है।
उन्होंने बताया कि कथा आयोजन के लिए उपयुक्त स्थल का चयन शीघ्र किया जाएगा। यदि सभी व्यवस्थाएं अनुकूल रहीं तो यह भव्य आयोजन कृषि उपज मंडी प्रांगण में संपन्न कराया जाएगा।
आस्था, भक्ति और सनातन संस्कृति के इस महापर्व को लेकर करेरा सहित आसपास के क्षेत्रों में अभी से श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा के दौरान हजारों श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना व्यक्त की जा रही है।
— शिवपुरी जिला ब्यूरो चीफ, हेमंत भार्गव

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper