UGC के नए इक्विटी नियमों को लेकर माँ करणी सेना ने निकाली ‘हल्ला बोल यात्रा’, कमिश्नर कार्यालय में सौंपा ज्ञापन
बापट चौराहे से शुरू हुई यात्रा रीगल चौराहे पहुँची, सभा के बाद कमिश्नर कार्यालय जाकर सौंपा ज्ञापन*
इंदौर। UGC द्वारा उच्च शिक्षा संस्थानों में इक्विटी से संबंधित University Grants Commission (Promotion of Equity in Higher Educational Institutions) Regulations, 2026 को लेकर देशभर में चर्चा के बीच माँ करणी सेना के सनातन प्रकोष्ठ द्वारा सोमवार को इंदौर में शांतिपूर्ण ‘हल्ला बोल यात्रा’ निकाली गई। UGC की आधिकारिक जानकारी के अनुसार उक्त नियम 13 जनवरी 2026 को प्रकाशित किए गए थे।
यात्रा के लिए माँ करणी सेना के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बापट चौराहे पर एकत्रित हुए। यहां से सभी ने शांतिपूर्ण तरीके से हल्ला बोल यात्रा की शुरुआत की और पैदल रीगल चौराहे की ओर रवाना हुए। यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों एवं विचारों को लेकर नारे लगाए।
रीगल चौराहे पर सभा आयोजित की गई, जहां स्वामीजी एवं अन्य वक्ताओं ने संबोधित करते हुए UGC के नए इक्विटी नियमों को लेकर संगठन की चिंताओं और मांगों को सामने रखा। इस दौरान पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की बाइट भी ली गई।
इसके बाद कार्यकर्ता पुनः पैदल यात्रा के रूप में कमिश्नर कार्यालय की ओर रवाना हुए। वहां माँ करणी सेना की ओर से संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर नियमों को लेकर संगठन की चिंताओं एवं सुझावों से अवगत कराया गया।
माँ करणी सेना के पदाधिकारियों ने कहा कि संगठन SC, ST, OBC सहित किसी भी वर्ग के अधिकारों के विरोध में नहीं है। प्रत्येक विद्यार्थी को सम्मान, सुरक्षा और न्याय मिलना चाहिए। संगठन का कहना है कि शिक्षा व्यवस्था से जुड़े नियमों में ऐसी व्यवस्था होनी चाहिए, जिसमें किसी भी विद्यार्थी के साथ अन्याय की गुंजाइश न रहे और कॉलेजों में जातिगत दूरी के बजाय सामाजिक समरसता एवं आपसी एकता को बढ़ावा मिले।
ज्ञापन सौंपने के बाद यात्रा में हनुमान चालीसा का पाठ किया गया। कार्यकर्ताओं ने हनुमान जी एवं भगवान महाकाल के जयकारे लगाए। धार्मिक जयघोष एवं हनुमान चालीसा के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।
प्रदर्शन में माँ करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह गौतम, जिला अध्यक्ष बाला ठाकुर तथा करणी सेना सनातन प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी गोपाल गावंडे सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। धर्मेंद्र सिंह गौतम, राजेश, गोपाल गावंडे तथा माँ करणी सेना की पूरी टीम ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग प्रदान किया।
गोपाल गावंडे ने कहा कि माँ करणी सेना सामाजिक समरसता और राष्ट्र की एकता के पक्ष में है। विद्यार्थियों से जुड़े विषयों को लेकर संगठन शांतिपूर्ण एवं संवैधानिक तरीके से अपनी बात सरकार और प्रशासन तक पहुंचाता रहेगा।
मुख्य संदेश
न किसी समाज का विरोध, न किसी के अधिकारों का हनन।
सभी के लिए समान सम्मान • निष्पक्ष व्यवस्था • सामाजिक समरसता।

