शिवपुरी में करवा चौथ की रही धूम, चारों छोरों की कॉलोनियों में सुहागिनों ने श्रद्धा और उल्लास से रखा व्रत
शिवपुरी से ऋषि गोस्वामी की रिपोर्ट
शिवपुरी। पति की लंबी आयु और अखंड सौभाग्य की कामना का पावन पर्व करवा चौथ शिवपुरी शहर में श्रद्धा, आस्था और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सुबह से ही सुहागिन महिलाओं में पर्व को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। महिलाओं ने पूरे दिन निर्जला व्रत रखकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और रात्रि में चंद्रदर्शन के बाद अर्घ्य देकर अपना व्रत खोला।
शहर के चारों छोरों पर स्थित विभिन्न कॉलोनियों में करवा चौथ की रौनक देखते ही बनी। तुलसी नगर कॉलोनी में मीनाक्षी-रविंद्र कुमार शर्मा ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। वहीं वीर सावरकर कॉलोनी में लवली-संजय अग्रवाल के निवास पर पर्व को लेकर विशेष उत्साह रहा। आकर्षक सजावट के बीच धार्मिक परंपराओं के अनुसार पूजन किया गया।
इसी क्रम में न्यू दर्पण कॉलोनी में कृष्णा-मनीष अग्रवाल ने परिजनों के साथ करवा चौथ की पूजा कर चंद्रमा को अर्घ्य अर्पित किया और अखंड सौभाग्य की कामना की। वहीं तारकेश्वरी कॉलोनी में बरसा-विक्रम बाथम ने पूरे नियम और श्रद्धा के साथ पूजा-अर्चना कर व्रत का पारण किया।
चांद के दीदार के साथ खोला निर्जला व्रत
रात्रि में चंद्रमा के दर्शन होते ही महिलाओं में उत्साह और उमंग का माहौल बन गया। सज-संवरकर महिलाओं ने पूजा की थाली सजाई और छलनी से पहले चंद्रमा तथा फिर अपने पति का चेहरा देखकर व्रत खोला। इसके बाद पतियों के हाथों जल ग्रहण कर व्रत का पारण किया और परिवार के बुजुर्गों का आशीर्वाद लिया।
पूरे दिन उपवास, शाम को करवा चौथ की कथा और रात में चंद्रमा को अर्घ्य देने की परंपरा के साथ यह पर्व संपन्न हुआ। शिवपुरी की विभिन्न कॉलोनियों में महिलाओं की आस्था, पारिवारिक प्रेम और भारतीय संस्कृति की परंपराओं का सुंदर संगम देखने को मिला। पर्व के दौरान चारों ओर उत्सव और उल्लास का वातावरण बना रहा।

