स्कूल के स्मार्ट क्लास में कलेक्टर बने शिक्षक, विद्यार्थियों को पढ़ाया त्रिकोणमिति का पाठ, बच्चों से पूछे पाइथागोरस प्रमेय के सवाल
मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान: स्कूल, आंगनबाड़ी से लेकर अन्य शासकीय कार्यालयों तक पहुंचा प्रशासनिक अमला
धर्मेन्द्र गुप्ता की रिपोर्ट
विदिशा। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता शमशाबाद क्षेत्र की ग्राम पंचायत बिछिया पहुंचे, जहां उन्होंने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में संचालित शैक्षणिक व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर शिक्षण कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान वे कक्षा 10वीं में पहुंचे और विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर उनकी शैक्षणिक प्रगति की जानकारी ली। गणित की कक्षा संचालित होने पर कलेक्टर ने स्वयं हाथ में मार्कर लेकर स्मार्ट क्लासरूम की एलईडी पर विद्यार्थियों को त्रिकोणमिति का पाठ पढ़ाया। उन्होंने पाइथागोरस प्रमेय सहित अन्य विषयों से जुड़े प्रश्न भी पूछे। विद्यार्थी सुश्री रोशनी कुशवाह एवं नीरज कुशवाह ने प्रश्नों के सटीक उत्तर देकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। उनकी सराहना करते हुए कलेक्टर ने विद्यार्थियों को पूरी लगन, अनुशासन और एकाग्रता के साथ अध्ययन कर सफलता प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित किया।
कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता, पुलिस अधीक्षक श्री रोहित काशवानी एवं वन मंडलाधिकारी श्री हेमंत यादव आज शमशाबाद एवं नटेरन क्षेत्र के विभिन्न ग्रामों का भ्रमण कर स्कूलों, आंगनवाड़ी केंद्रों, बहुउद्देश्यीय कृषि साख सहकारी समितियों, शासकीय उचित मूल्य दुकानों, पंचायत भवनों सहित अन्य शासकीय संस्थाओं का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित शासकीय योजनाओं, विकास कार्यों एवं आधारभूत सुविधाओं की स्थिति का जायजा लेते हुए यह सुनिश्चित किया कि योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक प्रभावी रूप से पहुंच रहा है।कलेक्टर श्री गुप्ता ने शिक्षा, पोषण, खाद्यान्न वितरण एवं पंचायत व्यवस्था से संबंधित व्यवस्थाओं की समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए। शमशाबाद नगर की विभिन्न शासकीय संस्थाओं का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों ने आमजन को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं का भी आकलन किया। भ्रमण के दौरान ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं एवं सुझाव सुने गए तथा संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। बिछिया सोसायटी में खाद वितरण व्यवस्था का लिया जायजा -
कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता ने बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति मर्यादित बिछिया का निरीक्षण कर खाद एवं उर्वरक वितरण व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने समिति में खाद की उपलब्धता, भंडारण एवं किसानों को किए जा रहे वितरण की जानकारी ली। साथ ही ई-टोकन प्रणाली के माध्यम से वितरण प्रक्रिया का अवलोकन करते हुए कर्मचारियों को निर्देश दिए कि किसानों को खाद प्राप्त करने में किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा वितरण कार्य पारदर्शी एवं व्यवस्थित रूप से सुनिश्चित किया जाए।
एसडीएम और नगर परिषद कार्यालय का निरीक्षण मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता ने शमशाबाद नगर परिषद कार्यालय एवं अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय का निरीक्षण कर विभिन्न शासकीय कार्यों और जनसेवा व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यालयों में आने वाले नागरिकों को शासकीय सेवाओं एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ निर्धारित समय-सीमा में मिले तथा उन्हें अनावश्यक रूप से भटकना न पड़े। आमजन की समस्याओं का संवेदनशीलता एवं प्राथमिकता के साथ निराकरण सुनिश्चित किया जाए शमशाबाद आंगनबाड़ी की व्यवस्थाओं का निरीक्षण इसके उपरांत कलेक्टर ने शमशाबाद नगर परिषद क्षेत्र स्थित आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक-131 का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों की उपस्थिति, पोषण आहार वितरण एवं संचालित गतिविधियों की जानकारी प्राप्त कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा बच्चों को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक, वन मंडलाधिकारी, नगर परिषद अध्यक्ष सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

