"खनियाधाना पुलिस का शिकंजा: 3 लाख की चोरी का पर्दाफाश, सोने-चांदी के जेवर बरामद; दो आरोपी जेल भेजे"

  • Share on :

(अलमारी का ताला तोड़कर की थी चोरी)
(एसडीओपी प्रशांत शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में किया खुलासा)
अतुल जैन 
खनियाधाना। थाना खनियाधाना पुलिस ने चोरी की एक बड़ी वारदात का खुलासा करते हुए चोरी गए करीब 3 लाख रुपए कीमत के सोने-चांदी के जेवरात बरामद कर लिए हैं। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक बाल अपचारी को भी पकड़ा गया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल वारंट प्राप्त होने के बाद दोनों आरोपियों को उपजेल पिछोर भेज दिया गया। वहीं बाल अपचारी को किशोर न्यायालय शिवपुरी भेजा गया है।
चोरी की घटना का खुलासा करते हुए एसडीओपी पिछोर प्रशांत शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पुलिस अधीक्षक शिवपुरी श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिवपुरी संजीव मुले के निर्देशन में जिले में चोरी, नकबजनी एवं संपत्ति संबंधी अपराधों में प्रभावी कार्रवाई करते हुए चोरी गए मशरूका की बरामदगी एवं आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए थे। इन्हीं निर्देशों के पालन में अनुविभागीय अधिकारी पुलिस अनुभाग पिछोर प्रशांत शर्मा के मार्गदर्शन में थाना खनियाधाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चोरी की घटना का सफल खुलासा किया।

(कमरे में घुसकर तोड़ा था अलमारी का ताला)
पुलिस के अनुसार फरियादी अरविंद्र पुत्र श्रीराम लोधी उम्र 28 वर्ष निवासी मजरा रामनगर ग्राम मुहारीकला थाना खनियाधाना ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि दिनांक 23-24 मई 2026 की दरम्यानी रात अज्ञात चोरों ने उसके कमरे में प्रवेश कर अलमारी का ताला तोड़ दिया और उसमें रखे सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर ले गए। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना खनियाधाना में अपराध क्रमांक 186/2026, धारा 305ए एवं 331(4) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

(पूछताछ में खुला चोरी का राज)
घटना की जांच के दौरान पुलिस ने संदिग्ध व्यक्तियों की जानकारी जुटाई। इसी बीच पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम मुहारीकला निवासी यशपाल लोधी चोरी की वारदात में शामिल है। पुलिस ने संदेही यशपाल लोधी को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने चोरी की घटना करना स्वीकार कर लिया। आरोपी ने बताया कि उसने अपने साथी सोनसिंह उर्फ सुल्ली लोधी एवं एक बाल अपचारी के साथ मिलकर दिनांक 23-24 मई 2026 की रात फरियादी अरविंद्र लोधी के कमरे में रखी अलमारी का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात चोरी किए थे। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने सोनसिंह उर्फ सुल्ली लोधी एवं बाल अपचारी को भी पकड़कर पूछताछ की, जिसमें दोनों ने भी अपराध स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गया पूरा मशरूका बरामद कर लिया।

(न्यायालय के आदेश पर भेजे गए जेल)
पुलिस ने आरोपी सोनसिंह उर्फ सुल्ली पुत्र देवसिंह लोधी उम्र 29 वर्ष एवं यशपाल पुत्र नाथूराम लोधी उम्र 21 वर्ष, दोनों निवासी ग्राम मुहारीकला थाना खनियाधाना को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय खनियाधाना में पेश किया। न्यायालय से जेल वारंट प्राप्त होने के बाद दोनों आरोपियों को उपजेल पिछोर दाखिल कराया गया। वहीं 16 वर्षीय बाल अपचारी निवासी ग्राम मुहारीकला को किशोर न्यायालय शिवपुरी भेजा गया।

(इनकी रही सराहनीय भूमिका)
चोरी की इस वारदात के खुलासे में थाना प्रभारी निरीक्षक केदार सिंह यादव के नेतृत्व में सहायक उपनिरीक्षक रामसिंह भिलाला, सहायक उपनिरीक्षक हजारीलाल जाटव, प्रधान आरक्षक नरेंद्र सिंह पाल, प्रधान आरक्षक नीतू सिंह, प्रधान आरक्षक हीरा सिंह, आरक्षक अनूप कुमार, आरक्षक हेमसिंह गुर्जर, आरक्षक जयवीर गुर्जर, आरक्षक योगेंद्र सिंह, आरक्षक रवि वाथम, आरक्षक उमेश लोधी, आरक्षक दीपक किरार, आरक्षक अरविंद्र सिंह कौरव एवं महिला आरक्षक हनीराजा चौहान की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper