खनियांधाना पुलिस ने चलाया 'सेफ क्लिक 2.0' अभियान, सनराइज स्कूल में बच्चों व नागरिकों को किया साइबर अपराध के प्रति जागरूक
डिजिटल अरेस्ट, OTP व UPI फ्रॉड से बचाव के बताए तरीके, SP यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देशन में चल रहा प्रदेशव्यापी अभियान
अतुल जैन
खनियांधाना। मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा प्रदेशभर में साइबर अपराधों पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे 'ऑपरेशन सेफ क्लिक 2.0' के तहत थाना खनियांधाना पुलिस ने बुधवार को सनराइज स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया।
थाना प्रभारी निरीक्षक केदार सिंह यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने स्कूली बच्चों एवं आम नागरिकों को डिजिटल अरेस्ट, KYC फ्रॉड, OTP शेयरिंग, UPI धोखाधड़ी एवं निवेश के नाम पर ठगी जैसे साइबर अपराधों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, OTP किसी से साझा न करें और संदिग्ध कॉल आने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराएं।
यह अभियान पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा एवं एडीजी साइबर ए. साई मनोहर के निर्देशन में चलाया जा रहा है। ग्वालियर जोन आईजी अरविंद कुमार सक्सेना एवं डीआईजी असित यादव द्वारा जोन में साइबर अपराधियों पर कार्रवाई के लिए लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक शिवपुरी श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया के मार्गदर्शन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले के निर्देशन में जिले में लगातार साइबर जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। एसडीओपी पिछोर प्रशांत शर्मा के नेतृत्व में थाना खनियांधाना पुलिस ने यह कार्यक्रम संपन्न कराया।
सराहनीय भूमिका: कार्यक्रम में थाना प्रभारी निरीक्षक केदार सिंह यादव, उनि छाया राय, सउनि रामसिंह भिलाला, आरक्षक अनूप कुमार की विशेष भूमिका रही।

