फिरौती के लिए अपहरण का मामला: बेतमा पुलिस की तत्परता से 12 घंटे में सकुशल बरामद हुआ युवक

  • Share on :

पत्रकार खुशबू श्रीवास्तव
इंदौर। इंदौर ग्रामीण के बेतमा थाना क्षेत्र में फिरौती के लिए अपहरण किए गए एक युवक को पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया। मामले में अज्ञात आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, 21 जून की रात करीब 8:30 बजे हुकुमसिंह सोलंकी अपने घर से खेत पर मुंगफली डालने जाने की बात कहकर निकले थे। देर रात उनके परिजनों के मोबाइल पर हुकुमसिंह की एक तस्वीर भेजी गई, जिसमें उनके गले पर चाकू रखा हुआ दिखाई दे रहा था। आरोपियों ने 20 लाख रुपये की फिरौती की मांग करते हुए जान से मारने की धमकी दी।

घटना की सूचना मिलते ही बेतमा पुलिस ने गंभीरता दिखाते हुए अपहरण और फिरौती का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान ग्राम पंचायत स्तर पर सूचना तंत्र सक्रिय किया गया और संभावित स्थानों पर पुलिस टीमों को रवाना किया गया।

ग्रामीणों से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हुकुमसिंह सोलंकी को राऊनगर रोड के पास खेतों में बेहोशी की हालत में खोज निकाला। पुलिस ने उन्हें तत्काल सुरक्षित कब्जे में लेकर चिकित्सकीय परीक्षण के लिए भेजा।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पीड़ित की हालत स्थिर है और अपहरण में शामिल अज्ञात बदमाशों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है। मामले के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें लगातार प्रयासरत हैं।

बेतमा थाना प्रभारी निरीक्षक मीना कर्णावत एवं पुलिस टीम की तत्परता से अपहृत व्यक्ति की सुरक्षित बरामदगी संभव हो सकी।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper