खेत में मृत अवस्था में मिला तेंदुआ वन विभाग में मचा हड़कंप
कटनी से जिला ब्यूरो नवल किशोर
कटनी। रीठी वन परिक्षेत्र से एक बड़ी खबर सामने आई रीठी देवरी गांव में एक तेंदुआ मृत अवस्था में पाया गया। तेंदुए की मौत की खबर जैसे ही विभाग को लगी हड़कंप मच गया। आनन-फानन में अधिकारी मौके पर पहुंचे और तेंदुए के शव को जप्त कर डॉक्टरों की टीम बुलवाई गई। मृत तेंदुए का शव परीक्षण कराते हुए विभाग ने अग्रिम कार्यवाही शुरू कर दी है।
सूत्रों के मुताबिक रीठी वन परिक्षेत्र के ग्राम देवरी में आज एक किसान के खेत के पास तेंदुए का शव देखा गया। जैसे ही इसकी जानकारी ग्रामीणों के जरिए विभाग तक पहुंची विभाग के अंदर खलबली मच गई। आनन-फानन में वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और तेंदुए के शव को जप्त कर लिया। बताया जाता है कि तेंदुए की मौत खेत के समीप तारों में फंसने के कारण हुई है। विभाग अब इस बात का पता लगाने में जुट गया है कि खेत के आसपास तार शिकार के मकसद से लगाया गया या फिर कोई और वजह थी।
इनका कहना है
रीठी वन परिक्षेत्र के एसडीओ आईएफएस अधिकारी कार्तिकेय भट्ट ने बात करते हुए कहा की देवरी गांव में तेंदुए की मौत हो जाने की जानकारी सामने आने के बाद तेंदुए के शव का पोस्टमार्टम डॉक्टरों की टीम से करवाया गया है। तेंदुए की मौत किन कारणों से हुई इसकी जांच की जा रही है।

