आकाशीय बिजली का कहर: कमलपुर मठ के मंदिर शिखर और संत समाधि को भारी नुकसान, खेत की डीपी भी हुई क्षतिग्रस्त
शिवपुरी जिला ब्यूरो चीफ हेमंत भार्गव
करैरा। अनुविभाग करैरा अंतर्गत ग्राम रोनिजा स्थित वर्षों पुराने एवं धार्मिक आस्था के केंद्र कमलपुर मठ में शनिवार की दरमियानी रात हुई तेज बारिश और आकाशीय बिजली ने भारी तबाही मचा दी। जानकारी के अनुसार, आकाशीय बिजली सीधे मठ परिसर में स्थित भगवान भोलेनाथ के मंदिर के शिखर पर गिर गई, जिससे मंदिर के शिखर का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त होकर नीचे गिर गया। इसके साथ ही परिसर में बनी साधु-संतों की समाधि को भी भारी नुकसान पहुंचा है।
कमलपुर मठ के महंत रामानुज पुरी महाराज ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि शनिवार रात अचानक तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिरी, जिससे मंदिर के शिखर और समाधि स्थल को गंभीर क्षति पहुंची है। घटना के बाद ग्रामीणों और श्रद्धालुओं में चिंता का माहौल है।
ग्रामीणों के अनुसार, आकाशीय बिजली का प्रभाव इतना तेज था कि मठ के समीप खेत में लगी विद्युत डीपी (ट्रांसफार्मर) भी क्षतिग्रस्त होकर जमीन पर गिर गई। गनीमत रही कि घटना के समय कोई व्यक्ति इसकी चपेट में नहीं आया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
घटना की सूचना मिलने के बाद क्षेत्र के ग्रामीण और श्रद्धालु बड़ी संख्या में कमलपुर मठ पहुंचे और नुकसान का जायजा लिया। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि धार्मिक स्थल को हुए नुकसान का सर्वे कराकर शीघ्र मरम्मत एवं आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कमलपुर मठ क्षेत्र की धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र है और यहां वर्षों से साधु-संतों की तपस्थली एवं समाधि स्थल मौजूद है। ऐसे में इस धार्मिक धरोहर को हुए नुकसान की भरपाई के लिए प्रशासन को तत्काल कदम उठाने चाहिए।

