प्रेमजाल, ब्लैकमेल और 6 लाख की ठगी का पर्दाफाश: नाबालिग से छेड़छाड़ करने वाला आरोपी पुलिस कि गिरफ्त में।
दिलीप पाटीदार
राजगढ़। दिनांक 07 जून 2026 को थाना राजगढ़ में एक गंभीर शिकायत प्राप्त हुई, जिसमें एक नाबालिग बालिका को प्रेमजाल में फंसाकर उससे आर्थिक शोषण, ब्लैकमेलिंग एवं छेड़छाड़ किए जाने का मामला सामने आया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी कृष्णा पिता महेश शर्मा, निवासी राजगढ़ को गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी कृष्णा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म स्नैपचैट के माध्यम से नाबालिग बालिका से संपर्क स्थापित किया और धीरे-धीरे उससे मित्रता बढ़ाई। बातचीत के दौरान आरोपी ने बालिका का विश्वास जीतकर उसे अपने प्रेमजाल में फंसा लिया। इसके बाद उसने दुर्घटना, आर्थिक परेशानी तथा अन्य आवश्यक कार्यों का हवाला देकर समय-समय पर बालिका से रुपये मांगना शुरू कर दिया।
जब पीड़िता द्वारा अपने रुपये वापस मांगे गए तो आरोपी ने उसके साथ छेड़छाड़ की तथा उसे बदनाम करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। आरोपी द्वारा इस प्रकार ब्लैकमेल कर लगभग 06 लाख रुपये हड़प लिए गए।
शिकायत के आधार पर थाना राजगढ़ में आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 247/2026 धारा 74, 115(2), 308(2), 351(3) भारतीय न्याय संहिता (BNS) एवं धारा 7/8 पॉक्सो एक्ट के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
राजगढ़ थाना प्रभारी समीर पाटीदार ने बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में आरोपी की गिरफ्तारी हेतु विशेष टीम गठित की गई।
गठित टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी कृष्णा पिता महेश शर्मा निवासी राजगढ़ को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने पीड़िता को ब्लैकमेल कर प्राप्त की गई राशि को अपने एशो आराम में खर्च करना बताया। पुलिस ने कार्रवाई पूरी कर आरोपी को सरदारपुर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया।
सराहनीय कार्य
उक्त कार्यवाही में उपनिरीक्षक जुली अमलियार, प्रधान आरक्षक रैमसिंह बर्डे, आरक्षक सुभाष एवं आरक्षक दिलीप की विशेष एवं सराहनीय भूमिका रही।

