मध्यप्रदेश का एसआईआर अभियान देश के लिए बना आदर्श: मुख्य निर्वाचन आयुक्त
राजेश धाकड़
इंदौर। भारत निर्वाचन आयोग के मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने इंदौर में बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) से संवाद करते हुए मध्यप्रदेश में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रदेश ने पारदर्शिता और दक्षता के साथ अभियान पूरा कर देश के लिए आदर्श प्रस्तुत किया है।
उन्होंने कहा कि बीएलओ लोकतंत्र की नींव हैं और मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन एवं विश्वसनीय बनाए रखने में उनकी सबसे महत्वपूर्ण भूमिका है। कार्यक्रम में एसआईआर की उपलब्धियों पर आधारित कॉफी टेबल बुक का विमोचन भी किया गया।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी संजीव कुमार झा ने बताया कि अभियान आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सफलतापूर्वक पूरा किया गया। उन्होंने कहा कि बीएलओ के मानदेय को 6 हजार रुपये तक बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं तथा सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के सामूहिक प्रयास से यह सफलता मिली।

