मैहर में महामातम: जन्मदिन मनाकर लौट रहे 5 युवकों की सड़क हादसे में मौत, कांग्रेस नेता के परिवार के थे सदस्य

  • Share on :

मैहर। मैहर जिले में सोमवार देर रात राष्ट्रीय राजमार्ग-30 (NH-30) पर भीषण सड़क घटित हुआ है। देहात थाना क्षेत्र के ग्राम रिगरा के पास तेज रफ्तार से दौड़ रही एक एक्सयूवी कार सामने चल रहे ट्रक के पीछे जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। उसमें सवार छह युवक कार के अंदर ही बुरी तरह फंस गए। हादसे में पांच युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सभी युवक किसी रिश्तेदार के यहां आयोजित जन्मदिन समारोह में शामिल होकर मैहर लौट रहे थे। देर रात जब उनकी कार रिगरा गांव के पास पहुंची, तभी सामने चल रहे ट्रक से जा टकराई। हादसा इतना भयावह था कि टक्कर की आवाज दूर तक सुनाई दी और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार की रफ्तार काफी अधिक थी, जिसके कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार सीधे ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी। दुर्घटना के बाद वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह दब गया और उसमें बैठे लोग अंदर ही फंस गए।
हादसे की सूचना मिलते ही डायल-112, हाईवे पेट्रोलिंग टीम, 108 एंबुलेंस और राष्ट्रीय राजमार्ग एंबुलेंस सेवा 1033 तत्काल मौके पर पहुंचीं। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से काफी देर तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी रेस्क्यू टीम ने सभी घायलों और मृतकों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक पांच युवकों की मौत हो चुकी थी। गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल सिविल अस्पताल अमरपाटन पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत नाजुक होने पर जिला अस्पताल सतना रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार हादसे में जान गंवाने वाले पांचों युवक मैहर से कांग्रेस पार्टी के पूर्व प्रत्याशी रहे मनीष पटेल के परिवार के सदस्य बताए जा रहे हैं। एक ही परिवार के पांच लोगों की एक साथ मौत की खबर मिलते ही पूरे परिवार में मातम छा गया। घटना की जानकारी मिलते ही रिश्तेदार, शुभचिंतक और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग अस्पताल पहुंच गए परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई है और हर कोई इस दर्दनाक हादसे से स्तब्ध है।
हादसे में मृत पांचों युवकों के शवों को 108 एंबुलेंस एवं हाईवे एंबुलेंस 1033 की सहायता से सिविल अस्पताल मैहर की मर्चुरी पहुंचाया गया। मंगलवार सुबह पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। अस्पताल परिसर में देर रात से ही लोगों की भीड़ जुटी रही।
साभार अमर उजाला

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper