परिवहन विभाग की बड़ी कार्यवाही धार में विशेष चेकिंग अभियान के दौरान 50 वाहनों पर लगा ₹1.67 लाख का जुर्माना।

  • Share on :

दिलीप पाटीदार 
धार। परिवहन आयुक्त एवं कलेक्टर के आदेशों के परिपालन में जिला धार में सड़क सुरक्षा और नियमों के पालन हेतु 1 मई 2026 से 9 मई 2026 तक एक विशेष संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया गया। अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी, धार एवं उनकी टीम द्वारा संचालित इस अभियान के तहत जिले के विभिन्न संवेदनशील स्थानों पर वाहनों की सघन जांच की गई। जाँच के दौरान पाया गया कि कई वाहन स्वामियों द्वारा जानबूझकर नियमों की अनदेखी करते हुए बिना वैध परमिट, बिना फिटनेस सर्टिफिकेट और बिना पी.यू.सी. के वाहनों का संचालन किया जा रहा था। इस लापरवाही पर टीम द्वारा सख्त रुख अपनाते हुए नियमानुसार वैधानिक कार्यवाही की गई।अभियान के अंतिम दिन, 9 मई 2026 को चेकिंग के दौरान वाहन क्रमांक MP11G3587 (पिक-अप) को रोका गया, जिसमें क्षमता से अत्यधिक 40 से ज्यादा यात्री सवार पाए गए। जान जोखिम में डालकर किए जा रहे इस परिवहन पर त्वरित कार्यवाही करते हुए ₹18,000 का जुर्माना लगाया गया। उल्लेखनीय है कि कार्यवाही के दौरान उक्त वाहन के चालक द्वारा मौके पर विवाद कर शासकीय कार्य में बाधा डालने का प्रयास भी किया गया।समग्र अभियान के दौरान कुल 50 वाहनों को नियमों के विरुद्ध संचालित पाया गया, जिनसे कुल ₹1,67,500 की जुर्माना राशि वसूल की गई। अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी ने बताया कि सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के उद्देश्य से इस प्रकार की चेकिंग कार्यवाही भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगी। उन्होंने सभी वाहन स्वामियों से अपील की है कि वे अनिवार्य रूप से यातायात नियमों का पालन करें और अपने वाहनों के दस्तावेज पूर्ण रखें, अन्यथा कड़ी दंडात्मक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper