चीनी मीडिया के कवरेज में बड़ा बदलाव: LAC तनाव छोड़ व्यापार और निवेश पर केंद्रित हुआ ड्रैगन
नई दिल्ली। चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के भारत आने की पुष्टि के साथ ही चीन के सरकारी और पार्टी-समर्थित मीडिया के कवरेज में दिलचस्प बदलाव दिखाई दिया। शी की भारत यात्रा की पुष्टि के बाद प्रकाशित सामग्री में सीमा विवाद कहीं गायब नजर आता है। इसकी बजाय आर्थिक सहयोग, निवेश और चीनी कंपनियों के लिए भारत में कारोबारी माहौल पर काफी जोर दिया गया है। अलग-अलग चीनी प्रकाशनों को एक साथ पढ़ने पर यह संकेत मिलता है कि चीन फिलहाल भारत के साथ अपने संबंधों को एलएसी पर तनाव से हटाकर आर्थिक सहयोग पर केंद्रित रखना चाहता है।
पीपुल्स डेली ने चीन के उस आग्रह को प्रमुखता दी, जिसमें भारत से चीनी कंपनियों के लिए निष्पक्ष, न्यायसंगत, पारदर्शी और भेदभाव-रहित कारोबारी माहौल सुनिश्चित करने की बात कही गई। यानी शी की यात्रा की घोषणा के साथ ही चीन ने आर्थिक संबंधों को लेकर अपनी अपेक्षा बयां कर दी।
चाइना डेली में भी यही आर्थिक पहलू प्रमुख रहा। चीन-भारत व्यापार संबंधों को परस्पर लाभकारी बताते हुए चीनी कंपनियों के लिए भारत में कारोबारी परिस्थितियों पर जोर दिया गया। ग्लोबल टाइम्स ने भारतीय निवेशकों की चीनी संपत्तियों में बढ़ती रुचि, दोनों देशों के बीच निवेश की संभावनाएं दिखाई हैं।
साभार अमर उजाला

