दक्षिण 24 परगना में बड़ी कार्रवाई: फलता में प्रदर्शन और सड़क जाम के मामले में TMC नेता की पत्नी रेजिना बीबी गिरफ्तार
कोलकाता. पश्चिम बंगाल में टीएमसी के नेता जहांगीर खान की गिरफ्तारी के बाद अब उनकी पत्नी रेजिना बीबी उर्फ सरिना को भी पुलिस ने अरेस्ट कर लिया है. दक्षिण 24 परगना से हुई इस कार्रवाई के पीछे आरोप है कि उन्होंने पति की गिरफ्तारी के विरोध में फलता इलाके में कई प्रदर्शन आयोजित किए थे. पुलिस का कहना है कि इन गतिविधियों से इलाके की कानून-व्यवस्था प्रभावित होने का खतरा पैदा हो गया था. इसी मामले में उनके खिलाफ पहले ही केस दर्ज किया गया था.
दरअसल, कुछ दिन पहले पुलिस ने टीएमसी नेता जहांगीर खान को गिरफ्तार किया था. गिरफ्तारी के बाद उन्हें रस्सी बांधकर इलाके में ले जाने का वीडियो भी सामने आया था. इस घटना के बाद उनके समर्थकों में नाराजगी फैल गई. विरोध में कई जगह रास्ते जाम किए गए और इलाके में तनाव का माहौल बन गया. पुलिस का आरोप है कि इसी दौरान थाने के घेराव और बड़े पैमाने पर प्रदर्शन की तैयारी भी की गई थी.
पुलिस के मुताबिक, फलता में बड़ी संख्या में लोगों को इकट्ठा किया गया था. स्थिति बिगड़ने की आशंका को देखते हुए केंद्रीय अर्धसैनिक बल (CAPF) और स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को हटा दिया. इसके बाद रेजिना बीबी सार्वजनिक रूप से नजर नहीं आईं और पुलिस उनकी तलाश में जुट गई.
साभार आज तक

