पुलिस की बड़ी सफलता: 3 लाख की 4 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार, दो की तलाश जारी
शिवपुरी जिला ब्यूरो चीफ हेमंत भार्गव
करैरा। थाना करैरा पुलिस ने चोरी की वारदातों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 3 लाख रुपये कीमत की चार चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि मामले में शामिल अन्य दो आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भुटिया के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले एवं एसडीओपी करैरा प्रशांत शर्मा के मार्गदर्शन में करैरा पुलिस द्वारा यह कार्रवाई की गई।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि अनीस (नट) खां उर्फ लंपू निवासी अमारा पिरोठ थाना इंदार चोरी की एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल लेकर गल्ला मंडी के पीछे से करैरा की ओर आने वाला है। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ में वह मोटरसाइकिल चोरी की होना स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसके खिलाफ अपराध क्रमांक 439/26 धारा 317(2), 336(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर ग्वालियर, शिवपुरी और दतिया जिलों से मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने अरविंद जाटव पुत्र सीताराम जाटव निवासी न्यू कॉलोनी करैरा को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से तीन अन्य चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कीं, जिन्हें टीला रोड स्थित स्टेडियम की सीढ़ियों के नीचे बने कमरे में छिपाकर रखा गया था।
बरामद वाहन
हीरो एचएफ डीलक्स क्रमांक MP-33-MC-1686, कीमत ₹50,000
हीरो स्प्लेंडर क्रमांक MP-32-MJ-4740, कीमत ₹50,000
बजाज पल्सर, कीमत ₹1,50,000
होंडा ड्रीम युगा क्रमांक MP-33-A-8170, कीमत ₹50,000
कुल बरामदगी : 4 मोटरसाइकिलें, कीमत लगभग ₹3 लाख।
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों के विरुद्ध पूर्व में भी विभिन्न अपराध दर्ज हैं। मामले में शामिल अन्य दो आरोपियों की तलाश जारी है।
सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद छावई, उप निरीक्षक राजकुमार सिंह चाहर, आरक्षक सुरेंद्र सिंह रावत एवं आरक्षक राधेश्याम जादौन की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
करैरा पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में वाहन चोर गिरोहों में हड़कंप मच गया है और पुलिस की अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति एक बार फिर सामने आई है।

