अयोध्या में एसआईटी का बड़ा एक्शन: राम मंदिर में डेरा, चंपत राय से बंद कमरे में पूछताछ और रिकॉर्ड जब्त
अयोध्या। श्रीराम मंदिर में चढ़ावा की चोरी के मामले की जांच के लिए बनी स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (एसआईटी) ने ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय से घंटों पूरे मामले की जानकारी ली और कई दस्तावेज अपने कब्जे में लिए हैं। सोमवार को दोपहर से देर रात तक टीम अंदर ही रही। आज यानी मंगलवार से पूछताछ का दौर शुरू होगा। एसआईटी के लिए कैंप कार्यालय मंदिर परिसर में तय हो जाने के बाद ठहरने की व्यवस्था उसमें होने की संभावना है।
शनिवार को योगी सरकार ने मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया था। इसमें कमिश्नर लखनऊ विजय विश्वास पंत के साथ आईजी किरण एस और विशेष सचिव वित्त नीलरतन कुमार को रखा गया है। एसआईटी ने सोमवार दोपहर से अपनी जांच शुरू की थी। टीम सीधे राम मंदिर गई और सबसे पहले पीएफसी में जाकर गणनास्थल का निरीक्षण कर निगरानी की व्यवस्था का ब्योरा लिया। श्रीराम मंदिर पहुंची एसआईटी के अधिकारियों ने पूरी वस्तुस्थिति समझने के लिए तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट महासचिव चंपतराय से अकेले में कई घंटे बंद कमरे में बातचीत कर जानकारी जुटाई। इसके पहले पूरे तीर्थयात्री सुविधा केंद्र के कर्मचारियों को बाहर कर दिया गया। अफसरों ने साक्ष्य जुटाने के लिए कई अभिलेखों की जांच कर कब्जे में ले लिया।
साभार लाइव हिन्दुस्तान

