गूड़र गांव में भीषण अग्निकांड: सिलेंडर विस्फोट से मासूम की मौत, चार गंभीर, गांव में मचा कोहराम
आग और विस्फोट ने उजाड़ा परिवार, प्रशासन व जनप्रतिनिधि पहुंचे मौके पर
अतुल जैन
खनियाधाना। थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत गूड़र में बुधवार सुबह हुए भीषण अग्निकांड और गैस सिलेंडर विस्फोट ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया। आग की इस दर्दनाक घटना में एक मासूम बालिका की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे के बाद गांव में अफरा-तफरी और चीख-पुकार का माहौल बन गया। घायलों का उपचार ग्वालियर में जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह करीब 8 बजे प्रजापति परिवार के घर में महिला रसोई में नाश्ता तैयार कर रही थी। इसी दौरान अचानक आग भड़क उठी और कुछ ही क्षणों में पूरे कमरे को अपनी चपेट में ले लिया। बताया जा रहा है कि घर में खेती-किसानी के कार्य के लिए डीजल भी रखा हुआ था, जिससे आग ने और विकराल रूप धारण कर लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग तेजी से फैलते हुए गैस सिलेंडर तक पहुंच गई। कुछ ही देर बाद जोरदार धमाके के साथ सिलेंडर फट गया। विस्फोट इतना भयावह था कि मकान की दीवारें और छत क्षतिग्रस्त हो गईं तथा आसपास के क्षेत्र में दहशत फैल गई।
इस हादसे में 4 वर्षीय जानवी पुत्री प्राण सिंह प्रजापति की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं प्राण सिंह प्रजापति, रोशनी प्रजापति, शिवा प्रजापति तथा कल्ला उर्फ अंकेश पुत्र शिशुपाल आदिवासी गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों ने जान जोखिम में डालकर घायलों को मलबे और आग से बाहर निकाला तथा तत्काल अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए ग्वालियर रेफर किया गया है।
(पुलिस अधीक्षक ने लिया तत्काल संज्ञान)
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक शिवपुरी श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया ने तत्काल एक्शन लेते हुए पुलिस अधिकारियों को मौके पर भेजा और स्वयं कलेक्टर शिवपुरी के साथ घटनास्थल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए वैधानिक कार्रवाई एवं राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए।
(विधायक पीतम सिंह लोधी ने बंधाया ढांढस)
हादसे की जानकारी मिलते ही क्षेत्रीय विधायक पीतम सिंह लोधी घटनास्थल पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर सांत्वना व्यक्त की। उन्होंने घायलों के समुचित उपचार तथा प्रभावित परिवार को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
(गांव में पसरा मातम, हर आंख हुई नम)
मासूम जानवी की असमय मौत से पूरे गूड़र गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। घटना के बाद ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर एकत्र हो गए। दमकल दल और प्रशासन की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक घर का अधिकांश सामान जलकर राख हो चुका था।
(इनका कहना है)
"सूचना मिलते ही प्रशासन मौके पर पहुँचा। जाँच में पता चला है कि घर में काफी मात्रा में डीजल और पेट्रोल रखा हुआ था, जिससे आग इतनी तेजी से फैली कि मकान ध्वस्त हो गया। हमने घायलों को तुरंत शिवपुरी मेडिकल कॉलेज भेजा और वहां से ग्वालियर बर्न यूनिट के लिए रेफर कराया है। प्रशासन की प्राथमिकता घायलों का बेहतर इलाज सुनिश्चित करना है। मेरी लोगों से अपील है कि घरों में ज्वलनशील पदार्थों का अवैध भंडारण न करें, यह जानलेवा साबित हो सकता है।"
(अर्पित वर्मा , कलेक्टर शिवपुरी)
"मैं अपनी दुकान पर था, तभी गाँव वालों ने मुझे घर में आग लगने की सूचना दी। मैं भागते हुए घर पहुँचा, लेकिन तब तक आग सब कुछ खत्म कर चुकी थी। मेरी तीन साल की बच्ची स्कूल जाने की तैयारी में थी, वह हादसे का शिकार हो गई। मेरा भतीजा प्राण सिंह, उसकी पत्नी, उनका बेटा और एक अन्य बालक गंभीर रूप से झुलस गए हैं। प्रशासन ने उचित इलाज और सहायता का आश्वासन दिया है।"
(पीड़ित परिवार जन)

