मातृशक्ति खाटू श्याम यात्रा का शुभारंभ, 6000 से अधिक महिलाओं को कराए जाएंगे दर्शन
विधायक गोलू शुक्ला की पहल, चार चरणों में रवाना होंगे महिला श्रद्धालुओं के जत्थे
आदित्य शर्मा
इंदौर। विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 3 में महिलाओं की आस्था और धार्मिक सहभागिता को बढ़ावा देने हेतु सनातनी विधायक श्री गोलू शुक्ला द्वारा “मातृशक्ति खाटू श्याम यात्रा” का आयोजन किया जा रहा है। इस विशेष धार्मिक यात्रा के माध्यम से क्षेत्र की 6000 से अधिक महिलाओं को खाटू श्याम जी के दर्शन कराने का संकल्प लिया गया है।
यात्रा को चार चरणों में संपन्न किया जाएगा। विधानसभा क्षेत्र के चारों मंडलों से लगभग 1500-1500 महिलाओं का पंजीयन कर उन्हें यात्रा में सम्मिलित किया जाएगा। प्रथम चरण में राजेंद्र धरकर मंडल की महिलाओं का पहला जत्था 2 मई, शनिवार दोपहर 12 बजे इंदौर से रवाना होगा। सभी श्रद्धालुओं का रजिस्ट्रेशन इंदौर से चलने वाली महामना एक्सप्रेस में कराया गया है।
यात्रा प्रभारी दीपेंद्र सिंह सोलंकी ने जानकारी देते हुए बताया कि महिलाओं की सुविधा, सुरक्षा एवं सुचारू व्यवस्था के लिए विधायक श्री गोलू शुक्ला के साथ 100 से अधिक पुरुष कार्यकर्ता भी यात्रा में शामिल रहेंगे।
यात्रा को रवाना करने के लिए मध्यप्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, तुलसी सिलावट, सांसद शंकर लालवानी, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा सहित अनेक जनप्रतिनिधि रेलवे स्टेशन पर उपस्थित रहेंगे।
महिलाओं के पंजीयन एवं यात्रा व्यवस्था में विधानसभा प्रभारी दिनेश वर्मा, मंडल अध्यक्ष बंटी वर्मा, पार्षद रूपाली पेंढ़ारकर, भावना चौधरी, शिव वर्मा, जयंत पांचाल, पिंकी बागड़ी, संजय कौशिक, दीपेश पचौरी एवं शिवपाल सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने पिछले एक माह से सक्रिय भूमिका निभाई।
उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व भी विधायक श्री गोलू शुक्ला द्वारा आयोजित महाकालेश्वर दर्शन यात्रा में 10 हजार से अधिक महिलाओं को दर्शन कराए जा चुके हैं।

