महापौर द्वारा स्वच्छ सर्वेक्षण तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक
महापौर परिषद सदस्य एवं पार्षद भी फील्ड में रहेंगे सक्रिय
आदित्य शर्मा
इंदौर। आगामी स्वच्छ सर्वेक्षण को दृष्टिगत रखते हुए महापौर श्री पुष्यमित्र भार्गव द्वारा सिटी बस ऑफिस में निगम के समस्त स्वास्थ्य अधिकारियों, सीएसआई एवं संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वास्थ्य प्रभारी श्री अश्विनी शुक्ल, अपर आयुक्त श्री प्रखर सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान महापौर ने स्वच्छ सर्वेक्षण की गाइडलाइन के विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए निर्देश दिए कि सभी जोन एवं वार्ड स्तर पर अधिकारी प्रातःकालीन समय में फील्ड में उपस्थित रहकर सफाई व्यवस्था का नियमित निरीक्षण करें और व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित हों।
उन्होंने स्वच्छता के विभिन्न मानकों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए कहा कि विद्यालयों में भी निर्धारित मापदंडों के अनुरूप साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि इंदौर की स्वच्छता में नागरिकों के साथ-साथ निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
महापौर ने बताया कि वे स्वयं महापौर परिषद सदस्यों एवं पार्षदों के साथ फील्ड में उतरकर नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करेंगे और निरंतर जोन एवं वार्डों का भ्रमण करेंगे।
स्वच्छता अभियान को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए 26 अप्रैल को शहर के सभी हॉस्टल एसोसिएशन के साथ बैठक आयोजित की जाएगी। इसके अतिरिक्त मच्छरों की रोकथाम हेतु विशेष अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए।
महापौर ने सभी अधिकारियों को समन्वय के साथ कार्य करते हुए इंदौर को पुनः देश का सबसे स्वच्छ शहर बनाए रखने के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता से कार्य करने के निर्देश दिए।

