महापौर ने यातायात सुधार कार्यों की समीक्षा की, एमआर-04 रोड का नाम होगा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी मार्ग
आदित्य शर्मा
इंदौर। महापौर श्री पुष्यमित्र भार्गव ने यातायात विभाग की समीक्षा बैठक में शहर में चल रहे यातायात सुधार, चौराहा विकास, प्रतिमा स्थापना और पार्किंग व्यवस्थाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने सिरपुर तालाब क्षेत्र में स्वामी विवेकानंद प्रतिमा का लोकार्पण 11 सितंबर तक तथा अन्नपूर्णा रोड-सुदामा नगर मार्ग पर 16 अगस्त को 'अटल पथ' नामकरण एवं अटल बिहारी वाजपेयी प्रतिमा स्थल के भूमिपूजन की तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में राजकुमार ब्रिज से बाणगंगा ब्रिज के मध्य निर्मित एमआर-04 रोड का नामकरण डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के नाम पर करने पर चर्चा हुई। महापौर ने खालसा चौक, हाईकोर्ट चौराहा, सत्यसांई, इंद्रप्रस्थ सहित कई प्रमुख चौराहों पर यातायात सुधार, लेफ्ट टर्न निर्माण और बाधाओं को दूर करने के कार्य शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए। साथ ही शहर की विभिन्न पार्किंग व्यवस्थाओं की समीक्षा कर उनके नियमित एवं सुव्यवस्थित संचालन पर जोर दिया। वर्षाकाल के बाद प्रमुख चौराहों, मिडियन और रोटरी पर पेंटिंग, रोड मार्किंग एवं सौंदर्यीकरण कार्य तत्काल शुरू करने के निर्देश भी दिए।

