स्वच्छ सर्वेक्षण के तहत जनभागीदारी से स्वच्छता की नई मिसाल गढ़ने सार्थक प्रयास जारी

  • Share on :

घर-घर पहुंचकर दिया कचरा पृथक्करण का संदेश, विद्यालयों में ‘स्वच्छ हाथ’ गतिविधियों से विद्यार्थियों को किया जागरूक
कटनी से जिला ब्यूरो नवल किशोर 
कटनी। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लक्ष्य को लेकर नगर पालिक निगम कटनी द्वारा जनसहभागिता आधारित स्वच्छता अभियान को लगातार गति दी जा रही है। निगम प्रशासन के मार्गदर्शन में निगम की सहयोगी संस्था  विजन की आईईसी टीम शहर के विभिन्न वार्डों में डोर-टू-डोर संपर्क, विद्यालयों में व्यवहार परिवर्तन आधारित गतिविधियों एवं सामुदायिक जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से नागरिकों को स्वच्छता के प्रति प्रेरित कर रही है। अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को कचरा पृथक्करण, व्यक्तिगत स्वच्छता एवं सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई के प्रति जिम्मेदार बनाना है।

इसी क्रम में विगत दिवस वार्ड क्रमांक 12 सहित विभिन्न क्षेत्रों में टीम द्वारा घर-घर संपर्क कर नागरिकों को गीले एवं सूखे कचरे का स्रोत स्तर पर पृथक्करण करने, पृथक किए गए कचरे को नगर निगम के कचरा संग्रहण वाहन में ही देने तथा स्वच्छता संबंधी आदतों को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही कचरा पृथक्करण के पर्यावरणीय, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता संबंधी लाभों की विस्तृत जानकारी भी दी गई।

वहीं, वार्ड क्रमांक 9 स्थित तिलक राष्ट्रीय स्कूल एवं वार्ड क्रमांक 13 स्थित निषाद स्कूल में "सफाई अपनाओ, बीमारी भगाओ" अभियान के अंतर्गत स्वच्छ हाथ गतिविधि आयोजित की गई। विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को वैज्ञानिक तरीके से हाथ धोने की सही विधि, व्यक्तिगत स्वच्छता, विद्यालय एवं घर के आसपास स्वच्छ वातावरण बनाए रखने तथा डस्टबिन के नियमित उपयोग के महत्व की जानकारी दी गई। साथ ही बच्चों को स्वच्छता का संदेश अपने परिवार एवं आसपास के लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया गया।

इसके अतिरिक्त वार्ड क्रमांक 1 स्थित BWG राज पैलेस में आयोजित स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम के दौरान स्थानीय नागरिकों से कचरा पृथक्करण को दैनिक आदत बनाने, सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी न फैलाने तथा स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में कटनी को देश के अग्रणी स्वच्छ शहरों में शामिल कराने के लिए सक्रिय सहयोग देने की अपील की गई।

नगर पालिक निगम कटनी ने नागरिकों से स्वच्छता अभियान को जनआंदोलन बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक की सहभागिता ही स्वच्छ, सुंदर, स्वस्थ एवं पर्यावरण अनुकूल कटनी के निर्माण का आधार है। निगम प्रशासन ने सभी नागरिकों से नियमित रूप से कचरा पृथक्करण अपनाने, स्वच्छता नियमों का पालन करने तथा स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में कटनी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में अपना सक्रिय योगदान देने की अपील की।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper