कटनी पुलिस का मेगा कॉम्बिंग ऑपरेशन, 119 वारंटी गिरफ्तार

  • Share on :

कटनी से जिला ब्यूरो नवल किशोर
कटनी। जिले में अपराधियों के विरुद्ध चलाए गए मेगा कॉम्बिंग ऑपरेशन के दौरान कटनी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 119 वारंटियों को गिरफ्तार किया। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य के मार्गदर्शन में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान पुलिस ने 19 स्थायी वारंटी, 57 गिरफ्तारी वारंटी और 43 जमानती वारंट तामील किए, जबकि 31 समन भी संबंधित व्यक्तियों को दिए गए। इसके अलावा 51 गुंडा बदमाशों एवं 46 निगरानीशुदा बदमाशों की गतिविधियों का सत्यापन किया गया।
अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 20 प्रकरण आबकारी अधिनियम के तहत दर्ज किए गए। वहीं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 82 लोगों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
कॉम्बिंग ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने 40 होटल, ढाबों और सराय, 39 बैंक एटीएम तथा रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड सहित संवेदनशील क्षेत्रों की जांच की। साथ ही 28 मुसाफिरों का सत्यापन किया गया।
शराब पीकर वाहन चलाने वाले 7 चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के तहत कार्रवाई करते हुए उनके वाहन जब्त किए गए।
पुलिस का कहना है कि जिले में अपराधियों के खिलाफ इस तरह के विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper