ट्रेन छूटने पर मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला से सामूहिक दुष्कर्म, मुख्य आरोपी ऑटो चालक गिरफ्तार

  • Share on :

कटनी से जिला ब्यूरो नवल किशोर
कटनी । मुड़वारा  रेलवे स्टेशन पर ट्रेन छूट जाने के बाद एक मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला को झांसा देकर जंगल में ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म करने वाले मुख्य आरोपी को रीठी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल ऑटो (MP 21 ZJ 6903) को भी जब्त कर लिया है।
क्या है पूरा मामला?
घटना 14 जून की है। पीड़ित महिला अपने बच्चों के साथ निजामुद्दीन से छत्तीसगढ़ जाने के लिए हीराकुंड एक्सप्रेस में सवार हुई थी। महिला का दिल्ली में मानसिक बीमारी का इलाज चल रहा था। रात करीब 9:45 बजे मुड़वारा स्टेशन पर पानी लेने उतरी महिला की ट्रेन छूट गई।
इसी दौरान स्टेशन के बाहर मिले एक अज्ञात व्यक्ति ने महिला को मंदिर दर्शन कराने का झांसा दिया और ई-रिक्शा (ऑटो) में बैठा लिया। आरोपी महिला को रीठी रोड स्थित पटौहा स्टेशन के पास जंगल में ले गए, जहाँ ऑटो चालक और उसके साथी ने बारी-बारी से महिला के साथ दुष्कर्म किया।
112 की सूचना पर अस्पताल में भर्ती कराया गया था
15 जून की सुबह 'डायल 112' पर सूचना मिलने पर रीठी पुलिस मौके पर पहुँची। महिला सड़क किनारे बैठी मिली और मानसिक स्थिति ठीक न होने के कारण कुछ भी बताने में असमर्थ थी। पुलिस ने उसे शासकीय अस्पताल रीठी में भर्ती कराया और परिजन को सूचित किया। भाई के आने के बाद वह महिला को इलाज के लिए दिल्ली ले गया।
दिल्ली में इलाज के बाद जब महिला की मानसिक स्थिति सामान्य हुई, तब उसने अपने साथ हुई आपबीती भाई को बताई। इसके बाद सफदरजंग (साउथ दिल्ली) थाने में मामला दर्ज किया गया, जहाँ से केस डायरी कटनी जिले को भेजी गई।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में एक विशेष टीम का गठन किया गया। रीठी थाने में 15 जुलाई को मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
800-900 ऑटो चालकों की जाँच के बाद पकड़ा गया आरोपी
घटना एक माह पुरानी और आरोपी अज्ञात होने के कारण पुलिस के लिए यह मामला बेहद चुनौतीपूर्ण था। रीठी पुलिस ने लगातार प्रयास करते हुए जिले के करीब 800 से 900 ऑटो चालकों की स्क्रीनिंग की।
तकनीकी साक्ष्यों और जाँच के आधार पर रीठी क्षेत्र के जमुनिया निवासी ऑटो चालक दिनेश चौधरी पर संदेह हुआ। कड़ाई से पूछताछ करने पर दिनेश चौधरी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया
पुलिस ने मुख्य आरोपी दिनेश चौधरी को गिरफ्तार कर उसका ऑटो जब्त कर लिया है। पुलिस अब न्यायालय से रिमांड प्राप्त कर इस मामले में शामिल दूसरे अज्ञात आरोपी की तलाश कर रही है।
इस सफलता में पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. कमल मौर्य, उप पुलिस अधीक्षक रत्नेश मिश्रा के पर्यवेक्षण में रीठी थाना प्रभारी निरीक्षक मोहम्मद शाहिद, उप निरीक्षक दिनेश चौहान और साइबर सेल की टीम की मुख्य भूमिका रही।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper