मेधावी विद्यार्थी सम्मान समारोह 2026: इंदौर में 120 प्रतिभावान छात्र-छात्राएं सम्मानित

  • Share on :

शिक्षाविदों और समाजसेवियों ने विद्यार्थियों को दी उज्ज्वल भविष्य की प्रेरणा
इंदौर। आजाद माइनॉरिटी स्कूल्स एसोसिएशन, आजाद नगर द्वारा "मेधावी विद्यार्थी सम्मान समारोह 2026" का भव्य आयोजन किया गया। इस गौरवशाली समारोह में कक्षा 5वीं, 8वीं, 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले लगभग 120 मेधावी विद्यार्थियों को प्रशस्ति-पत्र और मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ तिलावत-ए-कुरआन से हुआ। इसके बाद संस्था के सचिव अब्दुल हफीज बनारसी ने एसोसिएशन के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला और विद्यार्थियों के जीवन में शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों की आवश्यकता पर विशेष जोर दिया। इस गरिमामयी समारोह में मुख्य रूप से शहर काजी डॉ. इशरत अली, हाजी शफी शेख, एडवोकेट मयूरी जैन, एडवोकेट शारिब खान, शेख शाकिर, सलमान हाशमी, अंसार पटेल और डॉ. अनीस सहित अनेक शिक्षाविद, समाजसेवी और विभिन्न स्कूलों के संचालक उपस्थित रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए अतिथियों ने विद्यार्थियों को सफलता के लिए कड़ी मेहनत, अनुशासन और नैतिक शिक्षा का महत्व समझाया तथा उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का कुशल संचालन अब्दुल हफीज बनारसी, जावेद खान और रमीज़ खान ने संयुक्त रूप से किया। समारोह के समापन पर रागिब अहमद चौधरी ने सभी अतिथियों, शिक्षकों और अभिभावकों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में अभिभावक, शिक्षकगण और शहर के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। यह समारोह शिक्षा, प्रतिभा सम्मान और आपसी सौहार्द का एक अनूठा और प्रेरणादायक उदाहरण बनकर संपन्न हुआ।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper