बुद्ध पूर्णिमा पर मेधावी छात्रों और प्राशासनिक सेवाओं में चयनित प्रतिभाओं का होगा सम्मान
दिव्यानंद अर्गल
मेहगांव / भिंड । डॉ. अम्बेडकर समन्वय समिति, मेहगांव के तत्वावधान में तथागत गौतम बुद्ध की 2588वीं जन्म जयंती के पावन अवसर पर आगामी 1 मई को एक भव्य समारोह का आयोजन किया जा रहा है। गल्ला मण्डी स्थित डॉ. बी. आर. अम्बेडकर आध्यात्मिक आश्रम में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में शिक्षा, सेवा और समाज के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा। समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि बुद्ध जयंती के इस शुभ अवसर पर सामाजिक सरोकारों को प्राथमिकता दी गई है। आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों की शिक्षा में बाधा न आए, इस उद्देश्य से उन्हें स्टेशनरी का वितरण किया जाएगा। बोर्ड परीक्षाओं एवं अन्य कक्षाओं में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले क्षेत्र के छात्र-छात्राओं का सम्मान किया जाएगा हाल ही में प्रशासनिक सेवाओं में चयनित होकर क्षेत्र का नाम रोशन करने वाली प्रतिभाओं का विशेष अभिनंदन किया जाएगा, जिससे अन्य युवाओं को भी प्रेरणा मिल सके। डॉ. अम्बेडकर समन्वय समिति ने क्षेत्र के प्रबुद्ध जनों, समाजसेवियों और छात्र-छात्राओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर तथागत बुद्ध के विचारों को आत्मसात करें और प्रतिभाओं का उत्साहवर्धन करें।

