राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त संजीव कांकर का बंटू ढाबा पर भव्य स्वागत
दिव्यानंद अर्गल
मालनपुर। मध्य प्रदेश स्टेट सिविल सप्लाई कॉर्पोरेशन के उपाध्यक्ष एवं राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त संजीव कांकर का आज क्षेत्र के प्रसिद्ध बंटू ढाबा पर प्रथम आगमन हुआ। राज्य मंत्री का पदभार ग्रहण करने के उपरांत ग्वालियर से भिंड अंचल की यह उनकी पहली यात्रा थी, जिसे लेकर क्षेत्र के कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों में जबरदस्त उत्साह नजर आया। बंटू ढाबा पहुंचने पर संचालक दिनेश सिंह परिहार ‘बंटू’ ने पुष्पगुच्छ भेंट कर एवं माल्यार्पण कर राज्य मंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान ढोल-नगाड़ों की गूंज और आतिशबाजी से पूरा माहौल उत्सवमय हो गया। स्वागत से अभिभूत कांकर ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भिंड की यह आत्मीयता हमेशा याद रहेगी।
स्वाद, गुणवत्ता और साफ-सफाई की खुलकर तारीफ
कार्यक्रम के समापन पर कांकर ने ढाबे के व्यंजनों का स्वाद चखा और भूरी-भूरी प्रशंसा की। उन्होंने कहा, "बंटू ढाबा स्वाद, गुणवत्ता और साफ-सफाई का अद्भुत संगम है। स्थानीय व्यंजनों को जिस शुद्धता और आत्मीयता से परोसा जा रहा है, वह वाकई काबिल-ए-तारीफ है।" उन्होंने संचालक दिनेश सिंह परिहार को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं भी दीं।
कार्यकर्ताओं की रही विशेष मौजूदगी
इस अवसर पर राज्य मंत्री के साथ बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में श्री कांकर के नेतृत्व में चंबल अंचल के सर्वांगीण विकास का भरोसा जताया। राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त होने के बाद संजीव कांकर का यह पहला भिंड प्रवास था, जिससे पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। स्थानीय लोगों का मानना है कि उनके इस दायित्व से भिंड-चंबल क्षेत्र में सार्वजनिक वितरण प्रणाली एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को नई गति मिलेगी। स्वागत के दौरान दिनेश कक्कर, बल्ली पंडित, बंटी त्यागी, सुनील भदोरिया, शरद त्यागी, देवेंद्र पुरोहित, राजा चौधरी, रणजीत कुशवाह आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।

