मंत्री परमार ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर बोला बड़ा हमला

  • Share on :

भोपाल। कांग्रेस नेता और सांसद राहुल गांधी की मध्य प्रदेश महू यात्रा से पहले भाजपा नेता उन पर हमलावर हैं। राहुल गांधी को लेकर अब मंत्री इंदर सिंह परमार ने बड़ा बयान दिया है। भोपाल में उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि 'विदेशी मां का बेटा कभी देशभक्त नहीं हो सकता है'। राहुल गांधी देश के राष्ट्रीय विचार का विरोध करते-करते भारतीय राज्य के खिलाफ बोलने का साहस करने लगे हैं। उन्होंने कहा कि चाणक्य के समय चंद्रगुप्त मौर्य ने एक विदेशी महिला से शादी की थी। तब उन्होंने शर्त रखी थी कि विदेशी महिला से पैदा हुआ पुत्र कभी मगध सम्राट नहीं होना चाहिए। यह वचन चंद्रगुप्त मौर्य को देना पड़ा था। 
मंत्री ने कहा कि मेरा आज भी यह कहना है कि 'एक विदेशी मां का बेटा कभी देशभक्त नहीं हो सकता। राहुल गांधी के आचरण लगातार देशद्रोहिता की तरफ बढ़ रहे हैं'। बता दें कि कांग्रेस की 27 जनवरी को मध्य प्रदेश के महू में 'जय बापू, जय भीम, जय संविधान' यात्रा होने जा रही है। इसमें शामिल होने के लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी आ रहे हैं। उनकी यात्रा से पहले भाजपा नेता उन पर हमलावर हैं।
मंत्री परमार ने जीतू पटवारी के कांग्रेस में गुटबाजी को लेकर दिए बयान पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि जीतू पटवारी ने सही कहा कि कांग्रेस समाप्त हो जाएगी। कांग्रेस में निचले स्तर तक गुटबाजी है। पंचायत स्तर तक गुटबाजी है। बता दें कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने पार्टी के एक कार्यक्रम में कहा था कांग्रेस में फैली गुटबाजी को कैंसर बताया था। 
निजी कॉलेजों की जांच और जीवाजी विश्वविद्यालय को लेकर मंत्री इंदर सिंह परमार ने कहा कि पूरे मामले की जांच चल रही है। सरकार सख्त से सख्त कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि भोपाल से जांच करवाई जा रही है। पहले विश्वविद्यालय द्वारा जांच कराई जाती थी, लेकिन अब तरीके में बदलाव किया गया है। मान्यता संबंधी नियमों को भी अब बदला जाएगा। सरकार इस विषय पर लगातार विचार कर रही है। सभी कॉलेजों का फिजिकल वेरिफिकेशन करवाया जा रहा है।
साभार अमर उजाला

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper