गुरु पूर्णिमा पर्व पर श्री दादाजी धाम में पचास हजार से अधिक भक्त हुए शामिल

  • Share on :

खंडवा। मध्य प्रदेश के खंडवा नगर में गुरु पूर्णिमा का महापर्व मनाया जा रहा है। जिले के श्री दादाजी धाम मंदिर में तीन दिनों तक चलने वाले इस महोत्सव की शुरुआत शुक्रवार से हुई आज रविवार को इसका अंतिम दिन है। हालांकि, देशभर में गुरु पूर्णिमा का मुख्य पर्व रविवार को मनाया जा रहा है, लेकिन श्री दादाजी धाम मंदिर में यह महोत्सव शनिवार को ही मनाया गया। इस दिन सुबह से ही शुरू हुआ दादा जी के भक्तों के निशान लेकर समाधि स्थल तक पहुंचने का सिलसिला देर रात तक जारी रहा। आज रविवार को भी यह इसी तरह जारी रहेगा। मंदिर से जुड़े लोगों की मानें तो शनिवार के दिन मंदिर परिसर में करीब डेढ़ लाख से अधिक भक्तों ने दर्शन किए। आज रविवार को यह संख्या 2 लाख से अधिक हो सकती है। इसी तरह इस पर्व के दौरान दर्शन करने आने वाले श्रद्धालुओं की कुल संख्या लगभग 5 लाख के करीब रहने वाली है।
गुरुपूर्णिमा के मुख्य पर्व के दिन श्री दादाजी धूनीवाले दरबार में देर रात महाआरती हुई। इसे बड़ी आरती भी कहा जाता है। रात करीब 8 बजे के बाद शुरू हुई महाआरती के दौरान 108 दीपों के साथ बड़े दादाजी केशवानंद जी महाराज और छोटे दादा जी हरिहर भोले भगवान के साथ धुनिमाई की आरती की गई। महाआरती में शामिल होने के लिए भक्तों के बीच होड़ सी दिखी, इस दौरान मंदिर परिसर के साथ ही पूरा प्रांगण भक्तों से खचाखच भरा रहा। करीब 50000 से अधिक भक्तों ने महाआरती का लाभ लिया। आरती शुरू होने से पहले ही प्रांगण श्रद्धालुओं से भर गया था। इस बीच यहां भक्तों के लिए दर्शन व्यवस्था को रोका भी गया था ।
महा आरती के दौरान यहां पहुंचे श्रद्धालुओं की संख्या इतनी अधिक थी कि डोम स्थित जिगजैग बैरिकेडिंग पूरी तरह से श्रद्धालुओं से भर गई थी। इस दौरान 6 नंबर गेट से श्रद्धालुओं को प्रवेश दिए जाने के चलते महाआरती के बाद करीब 1 से 2 घंटे के इंतजार के बाद श्रद्धालुओं को दर्शन लाभ मिल सका। महाआरती के समय धुनी माई का टेंपरेचर भी करीब साठ डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। गुरुपूर्णिमा पर्व की महा आरती का संचालन श्री धुनी वाला आश्रम पब्लिक ट्रस्ट के संचालक सुभाष नागोरी के द्वारा किया गया था ।
बता दें कि, श्री दादा दरबार में गुरुपूर्णिमा पर्व पर होने वाली बड़ी आरती का बड़ा महत्व माना जाता है। यहां वर्ष भर में कुल सात बड़ी आरतियां होती हैं। इनमें प्रमुख त्योहारों में गुरु पूर्णिमा शामिल है। इसके साथ ही बड़े दादाजी की बरसी, छोटे दादा जी की बरसी, महाशिवरात्रि, रामनवमी, जन्माष्टमी और दीपावली के पर्व पर यहां बड़ी आरतियां होती हैं। इनमें से गुरु पूर्णिमा के दिन होने वाली बड़ी आरती का बड़ा महत्व रहने के चलते दादा दरबार से जुड़े जो भक्त हैं, वे यह कोशिश करते हैं कि इस दिन वे दादा दरबार जरूर पहुंचे और दादाजी की समाधि पर मत्था टेककर महाआरती में शामिल हो।
श्री धुनी वाला आश्रम पब्लिक ट्रस्ट से जुड़े मुकेश नागौरी ने बताया कि मंदिर परिसर में रोजाना चार आरतियां होती हैं। इनमें प्रातः काल 5 बजे छोटी आरती होती है। सुबह 7:45 पर बड़ी आरती होती है, शाम 5 बजे छोटी आरती होती है। इसके बाद देर शाम 7:45 पर बड़ी आरती होती है। साथ ही जिस दिन सत्यनारायण भगवान की कथा होती है, उस दिन कथा प्रारंभ की आरती और कथा समापन की आरती भी होती है।
साभार अमर उजाला,

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper