आजादी के जश्न के दिन पसरा मातम: बहामास में छोटा विमान दुर्घटनाग्रस्त, 10 यात्रियों ने गंवाई जान
सैन जुआन। कैरेबियन देश बहामास में शुक्रवार को एक छोटा विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में विमान में सवार सभी 10 लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद सरकार ने जांच पूरी होने तक फ्लेमिंगो एयर की उड़ानों पर अस्थायी रोक लगा दी है। यह हादसा नॉर्थ एंड्रोस में हुआ, जो बहामास की राजधानी नासाउ के पश्चिम में स्थित द्वीपीय क्षेत्र है।
बहामास के प्रधानमंत्री फिलिप ब्रेव डेविस ने शुरुआत में बताया था कि हादसे में एक व्यक्ति जीवित बच गया है। हालांकि, बाद में प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने पुष्टि की कि उसकी भी उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतकों की पहचान अभी सार्वजनिक नहीं की गई है।
डेविस ने कहा, "हम गहरे दुख के माहौल में एकत्र हुए हैं। आज, जब बहामास अपनी आजादी की 53वीं वर्षगांठ मना रहा था, यह दिन शोक में बदल गया। जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है और जो अब कभी घर नहीं लौटेंगे, उनके प्रति हम गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं।"
बहामास विमान दुर्घटना जांच प्राधिकरण ने बताया कि विमान ने नासाउ के लिंडन पिंडलिंग अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरी थी और वह सैन एंड्रोस जा रहा था। दुर्घटनाग्रस्त विमान सेसना 402 मॉडल का था, जो बहामास में पंजीकृत था।
विमानन मंत्रालय ने कहा कि हादसे के कारणों की जांच पूरी होने तक एहतियात के तौर पर फ्लेमिंगो एयर के एयर ऑपरेटर सर्टिफिकेट को अस्थायी रूप से निलंबित किया गया है। मंत्रालय के अनुसार, शुक्रवार को हुई दो सुरक्षा संबंधी घटनाओं के बाद यह फैसला लिया गया।
साभार अमर उजाला

