मीट दुकानों और पॉलिथीन विक्रेताओं पर नगर निगम का शिकंजा, 32,750 रुपए की चालानी कार्रवाई

  • Share on :

राजेश धाकड़ 
8 मीट दुकानों पर गंदगी मिलने पर कार्रवाई, भारती प्लास्टिक शॉप से 40 किलो पॉलिथीन जब्त; दोबारा नियम तोड़ने पर दुकान सील करने की चेतावनी

इंदौर। शहर में स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने और प्रतिबंधित पॉलिथीन के विक्रय पर रोक लगाने के लिए नगर निगम ने सख्त रुख अपनाया है। आयुक्त एवं अपर आयुक्त के निर्देशानुसार शहर में मीट दुकानों पर गंदगी पाए जाने और प्रतिबंधित पॉलिथीन का विक्रय करने वालों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की जा रही है।

इसी क्रम में स्वास्थ्य अधिकारी गौतम भाटिया ने जोन क्रमांक 01 के वार्ड क्रमांक 07 अंतर्गत सुभाष मार्ग पर निरीक्षण किया। इस दौरान कई मीट दुकानों पर गंदगी मिलने पर सहायक सीएसआई भारत करोसिया एवं मीट प्रभारी राजेश पथरोड़ को संबंधित दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। टीम ने अलग-अलग 8 मीट शॉप विक्रेताओं को फटकार लगाते हुए कुल 12,750 रुपए की चालानी कार्रवाई की।

स्वास्थ्य अधिकारी गौतम भाटिया ने दुकानदारों को स्पष्ट हिदायत दी कि मीट दुकानों पर साफ-सफाई रखना अनिवार्य है। दुकानों पर पर्दा लगाकर ही मीट का विक्रय किया जाए। खुले में मीट बेचने अथवा दोबारा गंदगी पाए जाने पर संबंधित दुकान को सील करने की कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, इसी कार्रवाई के दौरान मल्हारगंज स्थित भारती प्लास्टिक शॉप का भी निरीक्षण किया गया। जांच में प्रतिबंधित पॉलिथीन का विक्रय होना पाया गया। इस पर स्वास्थ्य अधिकारी ने सहायक सीएसआई भारत करोसिया को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। नगर निगम की टीम ने दुकान से लगभग 40 किलोग्राम पॉलिथीन जब्त की और संबंधित दुकानदार पर 20 हजार रुपए का चालान बनाया।

नगर निगम अधिकारियों ने दुकानदारों को समझाइश देते हुए प्रतिबंधित पॉलिथीन का विक्रय नहीं करने और स्वच्छता नियमों का पालन करने की हिदायत दी। निगम की इस कार्रवाई में मीट दुकानों एवं पॉलिथीन विक्रेता पर कुल 32,750 रुपए की चालानी कार्रवाई की गई।

नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि शहर की स्वच्छता और स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper