रखाइन राज्य में म्यांमार सेना का एयरस्ट्राइक: क्याउक्ताव में बाजार के पास हमला, 49 की मौत

  • Share on :

बैंकाक। म्यांमार की सेना ने एक ताकतवर विद्रोही गुट के कब्जे वाले इलाके में बाजार के पास हवाई हमला किया। इस हमले में कम से कम 49 लोगों की मौत हो गई। वहीं,58 लोग घायल हो गए। यह जानकारी विद्रोही गुट और बचाव कार्य से जुड़े एक अधिकारी ने दी।
यह हमला पश्चिमी रखाइन राज्य में हुआ। देश भर में लोकतंत्र समर्थक विद्रोही गुटों और जातीय सशस्त्र समूहों के खिलाफ किए जा रहे घातक हवाई हमलों की कड़ी में सबसे ताजा घटना है। 1 फरवरी, 2021 को सेना द्वारा आंग सान सू की की चुनी हुई सरकार से सत्ता छीनने के बाद से ही म्यांमार में उथल-पुथल मची हुई है। इसका बड़े पैमाने पर विरोध हो रहा है। सुरक्षा बलों द्वारा शांतिपूर्ण विरोध  प्रदर्शनों को घातक बल प्रयोग से दबाए जाने के बाद, सैन्य शासन के कई विरोधियों ने हथियार उठा लिए, जिससे देश के बड़े हिस्से संघर्ष की चपेट में आ गए।
सोमवार का हमला क्याउक्ताव टाउनशिप में हुआ, जो देश के दूसरे सबसे बड़े शहर मांडले से लगभग 340 किलोमीटर (210 मील) पश्चिम में स्थित है। यह जानकारी रखाइन स्थित एक ताकतवर जातीय सशस्त्र समूह 'अराकान आर्मी' ने दी, जिसका क्याउक्ताव पर नियंत्रण है। इस हमले की जानकारी की स्वतंत्र रूप से पुष्टि करना संभव नहीं था।
साभार अमर उजाला

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper