कैबिनेट विस्तार में चौंका सकता है NDA: शक्तिकांत दास बन सकते हैं नए वित्त मंत्री, राघव चड्ढा को भी जगह मिलने की उम्मीद

  • Share on :

शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को लेकर अटकलों का दौर जारी है। हालांकि, अब तक साफ नहीं हो सका है कि संभावित कैबिनेट फेरबदल में उन्हें हटाकर संगठन में भेजा जाएगा या वह पद पर बने रहेंगे। इसी बीच केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को लेकर भी चर्चाएं हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार में उन्हें नई जिम्मेदारी भी दी जा सकती है। हालांकि, इसे लेकर आधिकारिक रूप से अब तक कुछ नहीं कहा गया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, गडकरी को एक से ज्यादा मंत्रालय दिए जाने की चर्चाएं हैं। फिलहाल, वह सड़क एवं परिवहन मंत्रालय संभाल रहे हैं और 12 साल से इसकी अगुवाई कर रहे हैं। हालांकि, अब तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि कैबिनेट विस्तार कब तक होगा। 18 जुलाई को मॉनसून सत्र शुरू होने से पहले बड़ा ऐलान हो सकता है।
मोदी कैबिनेट को लेकर कहा जा रहा है कि नए चेहरों के जरिए NDA चौंका सकती है। इस बार RBI यानी रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया के पूर्व गवर्नर शक्तिकांत दास की एंट्री हो सकती है। दरअसल, कहा यह भी जा रहा है कि सरकार मौजूदा वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को नई जिम्मेदारी दे सकती है। हालांकि, अब तक कुछ स्पष्ट नहीं है।
इसके अलावा आम आदमी पार्टी से आए राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा को शामिल किया जा सकता है। वह राजनीति में आने से पहले चार्टर्ड अकाउंटेंट थे और हाल ही में भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए हैं। इनके अलावा तृणमूल कांग्रेस से बगावत कर आए कुछ सांसदों को भी मौका दिया जा सकता है। फिलहाल, सुखेंदु शेखर रे और संदीप बंदोपाध्याय के नामों को लेकर चर्चा का दौर जारी है।
भाजपा की केंद्रीय टीम में फेरबदल की अटकलों के बीच पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन ने गुरुवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। हालांकि इस मुलाकात को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई, लेकिन इसमें कई मुद्दों पर चर्चा हुई, जिनमें भाजपा के नए राष्ट्रीय पदाधिकारियों की टीम के गठन का विषय भी शामिल था।
साभार लाइव हिन्दुस्तान

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper