नीलकंठ महादेव मंदिर में तोड़फोड़, देवी-देवताओं की प्रतिमाएं खंडित; विहिप-बजरंग दल ने कार्रवाई की उठाई मांग
अतुल जैन
खनियाधाना। शिवपुरी जिले के खनियाधाना थाना क्षेत्र के ग्राम सिनावल कला स्थित प्राचीन नीलकंठ महादेव मंदिर में तोड़फोड़ की घटना से क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है। अज्ञात असामाजिक तत्वों ने मंदिर परिसर में स्थापित देवी-देवताओं की प्रतिमाओं को नुकसान पहुंचाते हुए धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई। घटना की सूचना मिलते ही खनियाधाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार बदमाशों ने भगवान शिव की प्रतिमा को उखाड़ने का प्रयास किया, लेकिन उसमें सफल नहीं हो सके। इसके बाद उन्होंने माता पार्वती की प्रतिमा को खंडित कर दिया तथा नंदी महाराज और भगवान गणेश की प्रतिमाओं को उखाड़कर मंदिर के समीप स्थित एक कुएं में फेंक दिया। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से कुएं से नंदी महाराज, भगवान गणेश और माता पार्वती की प्रतिमाओं को बाहर निकलवाया।
घटना की जानकारी मिलते ही विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के पदाधिकारी बड़ी संख्या में ग्रामीणों के साथ मंदिर पहुंचे। विहिप जिला अध्यक्ष पवन शर्मा, बजरंग दल जिला संयोजक ऋषभ सोनी, प्रखंड बल उपासना प्रमुख कमल परिहार, प्रखंड अध्यक्ष भानु चौबे तथा प्रखंड संयोजक कपिल शर्मा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने खनियाधाना थाने पहुंचकर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई।
संगठन के पदाधिकारियों ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए इसे धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला कृत्य बताया। उन्होंने पुलिस प्रशासन से दोषियों की शीघ्र पहचान कर उनकी गिरफ्तारी और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।
खनियाधाना थाना प्रभारी केदार सिंह यादव ने बताया कि अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।

