नवागत कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना ने ली जिला अधिकारियों की परिचयात्मक बैठक
दिलीप पाटीदार
धार। नवागत कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना ने पदभार ग्रहण करने के पश्चात आज कलेक्टर सभाकक्ष में जिला अधिकारियों की पहली परिचयात्मक बैठक ली। इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अभिषेक चौधरी और अपर कलेक्टर श्री संजीव केशव पाण्डेय सहित सभी विभागों के जिला प्रमुख उपस्थित रहे। बैठक की शुरुआत में कलेक्टर ने सभी अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया ।
बैठक को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्री मीना ने स्पष्ट किया कि शासन की प्राथमिकताएं ही प्रशासन की प्राथमिकताएं हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि समय-सीमा (TL) बैठकों में निर्धारित लक्ष्यों को तय समय के भीतर ही पूर्ण किया जाए। कलेक्टर ने कहा कि शासन स्तर पर विभागीय सचिवों द्वारा नियमित समीक्षा की जाती है, इसलिए सभी अधिकारी अपनी विभागीय योजनाओं और शासन की अपेक्षाओं के अनुरूप अपनी स्थिति स्पष्ट रखें ताकि जिले की रैंकिंग बेहतर हो सके।
कलेक्टर ने अंतर्विभागीय समन्वय पर विशेष बल देते हुए कहा कि यदि किसी योजना के क्रियान्वयन में अन्य विभाग से संबंधित कोई समस्या आ रही है, तो उसे तत्काल बैठकों के माध्यम से सुलझाया जाए। उन्होंने सभी जिला अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने विभाग की प्रमुख योजनाओं, चल रहे प्रोजेक्ट्स और वीसी (VC) में दिए गए निर्देशों की जानकारी उपलब्ध कराएं। इससे जिले के विकास कार्यों की मॉनिटरिंग और शासन स्तर पर बेहतर प्रस्तुतीकरण में मदद मिलेगी।
जिले के बड़े प्रोजेक्ट्स का जिक्र करते हुए कलेक्टर ने कहा कि इंफ्रास्ट्रक्चर, औद्योगीकरण, पर्यटन और आगामी बड़े आयोजनों को लेकर प्रशासन पूरी तरह तैयार रहे। उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा की कि वे अपनी जिम्मेदारियों को अच्छी तरह समझें ताकि जिले का प्रदर्शन हर क्षेत्र पर सकारात्मक बना रहे।

