सांदीपनि विद्यालय डीडी नगर मुरार मे नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक, माल्यार्पण एवं पुस्तक वितरण कर किया स्वागत
दिव्यानंद अर्गल
ग्वालियर। शिक्षा के नए सत्र के शुभारंभ के अवसर पर मंगलवार को सांदीपनि शासकीय मॉडल उच्च माध्यमिक विद्यालय, डीडी नगर, मुरार में प्रवेश उत्सव-2026 का आयोजन हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ सरस्वती पूजन कर किया गया। विद्यालय परिसर में पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साह एवं उल्लास का वातावरण बना रहा।
प्रवेश उत्सव के तहत विद्यालय में नवप्रवेश लेने वाले छात्र-छात्राओं का शिक्षकों द्वारा तिलक लगाकर, पुष्पमालाएं पहनाकर एवं शुभकामनाओं के साथ आत्मीय स्वागत किया गया। विद्यालय परिवार ने विद्यार्थियों को यह संदेश दिया कि विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि उनके व्यक्तित्व निर्माण और उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्राचार्य रणजीत सिंह चौहान ने विद्यार्थियों से नियमित रूप से विद्यालय आने, अनुशासन का पालन करने तथा शिक्षा के माध्यम से अपने जीवन के लक्ष्य निर्धारित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए अनेक सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं, जिनका लाभ उठाकर वे अपने भविष्य को बेहतर बना सकते हैं।
उप प्राचार्य अहिवरन सिंह कुशवाह ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि शिक्षा ही सफलता की सबसे मजबूत कुंजी है। उन्होंने विद्यार्थियों से मेहनत, लगन और सकारात्मक सोच के साथ अध्ययन करने की प्रेरणा दी।
प्रधानाध्यापक देशराज सिंह ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों का वितरण किया तथा उन्हें विद्यालय की शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं खेल गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है।
कार्यक्रम का प्रभावी संचालन विद्यालय के शिक्षक ओम प्रभाकर चौधरी ने किया। उन्होंने प्रवेश उत्सव के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य नए विद्यार्थियों में विद्यालय के प्रति अपनत्व की भावना विकसित करना तथा उन्हें शिक्षा के प्रति प्रेरित करना है।
इस अवसर पर विद्यालय का समस्त शिक्षकीय एवं गैर-शिक्षकीय स्टाफ उपस्थित रहा। सभी शिक्षकों ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों का उत्साहपूर्वक स्वागत करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। पूरे कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों को शिक्षा के महत्व का संदेश देने एवं उनके सफल जीवन की शुभकामनाओं के साथ हुआ।

