काल बनकर आई रात: ग्वालियर में ट्रक की चपेट में आने से 14 श्रद्धालुओं की दर्दनाक मौत, 29 घायल
ग्वालियर। शीतला माता मंदिर हादसे में मृतकों की संख्या 14 हो गई है। चीनौर रोड स्थित शीतला माता मंदिर के पास शनिवार और रविवार की दरमियानी रात करीब 1:30 बजे धान से लदा एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर श्रद्धालुओं की भीड़ में जा घुसा। इस भीषण दुर्घटना में 14 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 29 अन्य लोग घायल हो गए हैं। मृतकों में महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग शामिल हैं, जिससे पूरे इलाके में गहरा शोक व्याप्त है। कलेक्टर रुचिका चौहान ने इस पूरे हादसे की मजिस्ट्रेटी और प्रशासनिक जांच के आदेश दिए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नवरात्रि के चलते शीतला माता मंदिर में दर्शन करने के लिए भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे थे। सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के लिए पुलिस ने चीनौर रोड पर भारी वाहनों की आवाजाही रोकने हेतु बैरिकेड्स और चेकपोस्ट लगाए थे। इसके बावजूद, छिनोर की तरफ से आ रहा धान से लदा ट्रक बैरिकेड्स को तोड़ते हुए आगे निकल गया। चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा और ट्रक सीधे मंदिर के प्रवेश द्वार तथा बाहरी दीवार से जा टकराया। हादसे में ड्यूटी पर तैनात दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं।
प्रशासन की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, हादसे में जान गंवाने वाले 14 लोगों में से अब तक 11 मृतकों की पहचान कर ली गई है, जबकि 3 अन्य शवों की शिनाख्त की प्रक्रिया अभी बाकी है।
हादसे के बाद आरटीओ की टीम ट्रक की तकनीकी स्थिति की गहन जांच कर रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आखिर भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध होने के बावजूद ट्रक उस मार्ग पर कैसे पहुंचा और तकनीकी खराबी थी या चालक की लापरवाही। वहीं गंभीर रूप से घायल 7 लोगों सहित सभी 29 घायलों का अलग-अलग अस्पतालों में इलाज जारी है।
साभार नवभारत टाइम्स

