पोषण माह के तहत गर्भवती माताओं को दिया गया पोषण एवं स्वच्छता का संदेश
बर्रई। महिला एवं बाल विकास परियोजना कार्यालय मेहंदवानी के अंतर्गत कठोतिया सेक्टर के आंगनवाड़ी केंद्र पानिका टोला बर्रई में पोषण माह कार्यक्रम के तहत गर्भवती माताओं एवं महिलाओं को पोषण, संतुलित खान-पान और स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। पोषण माह 9 सितंबर से 8 अक्टूबर 2026 तक मनाया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान आंगनवाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती अनीता बघेल के मार्गदर्शन में गर्भवती माताओं को गर्भावस्था के दौरान संतुलित एवं पौष्टिक आहार लेने की जानकारी दी गई। माताओं को नियमित रूप से भोजन करने तथा भोजन में हरी पत्तेदार सब्जियां, दालें, अनाज, मौसमी फल एवं अन्य पौष्टिक खाद्य पदार्थ शामिल करने के लिए प्रेरित किया गया।
साथ ही गर्भवती माताओं को अपने स्वास्थ्य के प्रति विशेष सावधानी बरतने, समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने तथा चिकित्सकीय सलाह का पालन करने की समझाइश दी गई। माताओं को बताया गया कि गर्भावस्था के दौरान उचित पोषण मां और गर्भस्थ शिशु दोनों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम में स्वच्छता एवं साफ-सफाई के महत्व पर भी विस्तार से जानकारी दी गई। महिलाओं को भोजन बनाने एवं खाने से पहले तथा शौचालय के उपयोग के बाद साबुन से हाथ धोने, घर एवं आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने और स्वच्छ पेयजल का उपयोग करने के लिए जागरूक किया गया।
इस दौरान विभिन्न हरी सब्जियों, अनाज, दालों एवं पोषण संबंधी खाद्य सामग्री का प्रदर्शन कर उनके पोषण महत्व के बारे में जानकारी दी गई। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य गर्भवती माताओं एवं परिवारों में पोषण और स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।
पोषण माह के माध्यम से आंगनवाड़ी केंद्रों पर मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण और स्वच्छता को लेकर लगातार जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
शिवम् प्रजापति जिला डिंडोरी ब्यूरो

