कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के निर्देश पर जिलेभर में पटाखा फैक्ट्रियों और गोदामों की जांच शुरू

  • Share on :

भीषण गर्मी और देवास हादसे के बाद प्रशासन अलर्ट

इंदौर। गत दिवस देवास जिले में पटाखा फैक्ट्री में हुई दुर्घटना तथा वर्तमान में पड़ रही भीषण गर्मी को देखते हुए कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्री शिवम वर्मा ने आमजन की सुरक्षा के मद्देनजर जिले के सभी एसडीएम को अपने-अपने क्षेत्र में संचालित पटाखा गोदामों एवं फैक्ट्रियों की जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही ऐसी फैक्ट्रियां जो अत्यधिक संवेदनशील हैं, जैसे एसिड अथवा अग्नि से सीधे संबंधित इकाइयां, उनकी विशेष जांच कर आवश्यक कार्रवाई शीघ्र करने के निर्देश भी दिए गए हैं। जिला प्रशासन के अमले द्वारा आज किए गए निरीक्षण के दौरान सुरक्षा में कमियां पाए जाने पर तीन पटाखा फैक्ट्री को सील किया गया है।

      एडीएम श्री रोशन राय ने बताया कि इसी क्रम में तहसील हातोद के ग्राम खजुरिया स्थित पटाखा फैक्ट्री का तहसीलदार द्वारा निरीक्षण किया गया तथा संचालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। सुरक्षा मानकों में कमी पाए जाने पर खजुरिया स्थित इस फैक्ट्री को सील किया गया है। इस फैक्ट्री के संचालक विनोद पिता रूपाजी हैं।

      वहीं एसडीएम सांवेर द्वारा धतुरिया एवं पंचडेरिया क्षेत्र में स्थित पटाखा संस्थानों की आकस्मिक जांच की गई। निरीक्षण के दौरान सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए आवश्यक सुधार करवाए गए तथा सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित संचालकों को दिए।

      अनुविभाग बिचोली क्षेत्र में भी पटाखा फैक्ट्री और गोदामों की जांच की गई। इस दौरान सुरक्षा मानकों में कमियां पाये जाने पर ग्राम राजधरा स्थित शाना फायर वर्क्स (संचालक अकरम मंसूरी) एवं बाबा फायर वर्क्स (संचालक सलीम मंसूरी) की पटाखा फैक्ट्री को सील किया गया। यह कार्रवाई तहसीलदार श्री अनिल पटेल, सुश्री शिखा सोनी, राजस्व निरीक्षक एवं पटवारी की उपस्थिति में की गई।

      जिले में निरीक्षण की कार्रवाई लगातार जारी है।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper