करैरा में खुले विद्युत ट्रांसफार्मर बने खतरा, पांच बंदरों की मौत का दावा
मुख्य सड़कों और डिवाइडरों पर सुरक्षा इंतजाम नदारद, हादसे की आशंका से नगरवासी चिंतित
करैरा, शिवपुरी। करैरा नगर में जगह-जगह खुले पड़े विद्युत ट्रांसफार्मर आमजन और बेजुबान पशु-पक्षियों के लिए खतरा बने हुए हैं। मुख्य सड़कों, डिवाइडरों और विभिन्न वार्डों में लगे ट्रांसफार्मरों के आसपास पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं होने से दुर्घटनाओं की आशंका बनी हुई है।
जनपद पंचायत कार्यालय के समीप लगे ट्रांसफार्मर से अब तक पांच बंदरों की मौत होने का दावा स्थानीय रहवासियों ने किया है। उनका कहना है कि विद्युत विभाग के अधिकारियों को कई बार समस्या से अवगत कराने के बावजूद सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई।
वहीं, नवरात्रि-दशहरा और आगामी समय में बाबा का बाग-बगीचा में प्रस्तावित श्रीराम कथा के आयोजन के मद्देनजर नगर में श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ने की संभावना है। ऐसे में खुले ट्रांसफार्मर किसी बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं।
नगरवासियों की मांग है कि विद्युत विभाग तत्काल सभी असुरक्षित ट्रांसफार्मरों का निरीक्षण कर सुरक्षित घेराबंदी और आवश्यक सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करे। अब सवाल यह है कि जिम्मेदार अधिकारी किसी बड़ी दुर्घटना से पहले कार्रवाई करेंगे या नहीं?
शिवपुरी जिला ब्यूरो चीफ — हेमंत भार्गव

