ऑपरेशन 'सेफ क्लिक 2.0': खनियाधाना पुलिस ने रेड्डी चौराहा पर लगाया साइबर जागरूकता शिविर, डिजिटल अरेस्ट व OTP फ्रॉड से बचने के बताए उपाय
SP यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश पर चला अभियान, निरीक्षक केदार सिंह यादव ने नागरिकों को किया सतर्क
अतुल जैन
खनियाधाना। मध्य प्रदेश पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर प्रदेशभर में चलाए जा रहे साइबर सुरक्षा अभियान 'ऑपरेशन सेफ क्लिक 2.0' के तहत थाना खनियाधाना पुलिस द्वारा सोमवार 30 जून 2026 को रेड्डी चौराहा, पिछोर-चंदेरी रोड पर विशेष साइबर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
(प्रदेश स्तर से लेकर जोन तक मॉनिटरिंग)
पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा एवं एडीजी साइबर तथा गुप्त वार्ता ए साई मनोहर के निर्देशन में संचालित इस अभियान के तहत साइबर अपराधियों पर शिकंजा कसने हेतु लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस महानिरीक्षक ग्वालियर जोन अरविंद कुमार सक्सेना एवं पुलिस उप महानिरीक्षक असित यादव द्वारा जोन स्तर पर साइबर अपराधों में कमी लाने के लिए विशेष निर्देश जारी कर सतत मॉनिटरिंग की जा रही है।
(शिवपुरी SP के निर्देश पर सक्रिय अभियान)
पुलिस अधीक्षक शिवपुरी श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले के मार्गदर्शन में जिले में साइबर जागरूकता के लिए व्यापक स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में एसडीओपी अनुभाग पिछोर प्रशांत शर्मा के नेतृत्व में थाना प्रभारी निरीक्षक केदार सिंह यादव द्वारा रेड्डी चौराहा पर पहुंचकर आम नागरिकों, दुकानदारों एवं राहगीरों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया गया।
(इन अपराधों से किया सतर्क)
जागरूकता कार्यक्रम में निरीक्षक केदार सिंह यादव ने नागरिकों को डिजिटल अरेस्ट, फर्जी KYC अपडेट के नाम पर ठगी, OTP शेयर कर खाते से पैसा निकालने, UPI फ्रॉड, लोन एप घोटाला एवं फर्जी निवेश योजनाओं में धोखाधड़ी के नए तरीकों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, बैंक खाता, एटीएम, पिन या OTP किसी के साथ साझा न करें। वीडियो कॉल पर पुलिस अधिकारी बनकर धमकाने वालों से सावधान रहें। किसी भी साइबर फ्रॉड की स्थिति में तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।
(ये रहे मौजूद)
इस सराहनीय कार्य में थाना प्रभारी निरीक्षक केदार सिंह यादव के साथ उनि छाया राय, सउनि रामसिंह भिलाला, आरक्षक अनूप कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस टीम ने पंपलेट वितरित कर एवं लाउडस्पीकर के माध्यम से भी लोगों को जागरूक किया।
(क्या है सेफ क्लिक 2.0?)
'ऑपरेशन सेफ क्लिक 2.0' मध्य प्रदेश पुलिस का प्रदेशव्यापी अभियान है जिसका मुख्य उद्देश्य साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाना, अपराधियों की पहचान कर कार्रवाई करना तथा आमजन को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक कर साइबर ठगी से बचाना है।

